पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट में रहने वाली डॉ. देबोस्मिता पॉल की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रोफेसर थीं और अकेली रहती थीं। उनके पति बेंगलुरु में रहते हैं।

बहन ने ताला तोड़कर घर में किया प्रवेश

पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी तब मिली जब उनकी बहन उनसे संपर्क नहीं कर सकीं। फ्लैट सुबह से बाहर से बंद था। आशंका होने पर बहन ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां डॉ. पॉल मृत अवस्था में मिलीं।

पुलिश ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था। पुलिस को सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं और कलाई की नसें भी कटी हुई पाई गईं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने हत्या का मामला किया दर्ज

जांच के दौरान घर में नकदी और आभूषण सुरक्षित मिले हैं, जिससे फिलहाल लूटपाट को हत्या का मकसद नहीं माना जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कई जांच टीमें गठित की हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

आप के विधायक ने सरकार पर साधा निशाना

इस घटना के बाद स्थानीय राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर दिल्ली में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की आलोचना की।

जांच में जुटी पुलिस

बता दें कि पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। हत्या के कारण और अपराधी तक पहुंचने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच जारी है।

 

 

Written By Toshi Shah