भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार लगातार तेजी से बढ़ रहा है। खासतौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक की मांग में इजाफा देखने को मिल रहा है। इसी बढ़ती डिमांड को देखते हुए अब दिग्गज दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp भी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपनी पहली इलेक्ट्रिक बाइक को 2027 तक भारतीय बाजार में पेश कर सकती है। Hero MotoCorp का फोकस ऐसी इलेक्ट्रिक बाइक तैयार करने पर है, जो कीमत के मामले में किफायती होने के साथ-साथ दमदार परफॉर्मेंस और बेहतर रेंज भी दे। कंपनी का नया मॉडल खासतौर पर उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है, जो रोजाना ऑफिस, कॉलेज या दूसरे कामों के लिए बाइक का इस्तेमाल करते हैं।
दो अलग प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी नई EV बाइक
रिपोर्ट्स के अनुसार, Hero MotoCorp इलेक्ट्रिक बाइक के लिए दो नए प्लेटफॉर्म पर काम कर रही है। इनमें UBEX और VXZ शामिल हैं। UBEX प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनी कम्यूटर और यूटिलिटी कैटेगरी की इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल तैयार कर सकती है। इसका मकसद रोजाना इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को किफायती विकल्प उपलब्ध कराना होगा। वहीं VXZ प्लेटफॉर्म को ज्यादा प्रीमियम और स्पोर्टी इलेक्ट्रिक बाइक के लिए इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है। इस प्लेटफॉर्म पर तैयार होने वाले मॉडल में बेहतर परफॉर्मेंस और आकर्षक डिजाइन देखने को मिल सकता है। इस रणनीति के जरिए Hero अलग-अलग कीमत और जरूरत वाले ग्राहकों को टारगेट कर सकेगी।
150KM तक की रेंज मिलने की उम्मीद
नई इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी और रेंज को लेकर भी कई तरह की रिपोर्ट्स सामने आई हैं। माना जा रहा है कि कंपनी इसमें फिक्स्ड बैटरी के साथ स्वैपेबल बैटरी का विकल्प भी दे सकती है। शुरुआती मॉडल में करीब 3.5kWh से 4kWh का बैटरी पैक मिलने की संभावना है। एक बार फुल चार्ज करने पर बाइक करीब 130 से 150 किलोमीटर तक की रियल-वर्ल्ड रेंज दे सकती है। वहीं प्रीमियम वेरिएंट में बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग तकनीक मिलने की उम्मीद है। इससे कम समय में बैटरी को काफी हद तक चार्ज किया जा सकेगा। इलेक्ट्रिक मोटर का इंस्टेंट टॉर्क बाइक को तेज एक्सीलरेशन देने में भी मदद करेगा।
यह भी पढ़ें : Tata Safari EV की एंट्री जल्द... शानदार कीमत के साथ मिलेगे कई धांसू फीचर्स
टेक्नोलॉजी से लैस होगी Hero की EV
Hero की अपकमिंग इलेक्ट्रिक बाइक में सिर्फ रेंज और परफॉर्मेंस ही नहीं, बल्कि कई स्मार्ट फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं। इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर या TFT स्क्रीन दी जा सकती है, जिसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ GPS और Bluetooth सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। इसके जरिए राइडर नेविगेशन, कॉल और मैसेज नोटिफिकेशन के साथ अपनी राइड से जुड़ी जरूरी जानकारी देख सकेगा। इसके अलावा OTA अपडेट, अलग-अलग राइडिंग मोड, जियो-फेंसिंग, एंटी-थेफ्ट अलर्ट और रीजनरेटिव ब्रेकिंग जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
1.20 लाख रुपये से शुरू हो सकती है कीमत
Hero MotoCorp की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के 2027 में बाजार में आने की उम्मीद है। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 1.20 लाख रुपये से 1.50 लाख रुपये के बीच हो सकती है। बाजार में आने के बाद Hero की इलेक्ट्रिक बाइक का मुकाबला Ola Electric की Roadster सीरीज, Bajaj के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मॉडल्स और Revolt RV400 जैसी बाइक्स से हो सकता है। Hero का बड़ा डीलर नेटवर्क और सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर इस सेगमेंट में कंपनी के लिए मजबूत फायदा साबित हो सकता है। अगर बाइक उम्मीद के मुताबिक कीमत, रेंज और फीचर्स के साथ लॉन्च होती है, तो यह भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में Hero की स्थिति को काफी मजबूत कर सकती है।
Written by Rozi Sinha