अरब सागर के रास्ते भारत में घुसाई जा रही सैकड़ों करोड़ों की कोकीन की खेप गुजरात ATS और इंडियन कोस्ट गार्ड ने पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार मुंद्रा पोर्ट के पास समंदर में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में करीब 500 करोड़ रुपये की 115 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई है। इसके साथ ही एक विदेशी नागरिक को भी अरेस्ट कर इंटरनेशनल ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

गुजरात ATS के कर्मियों ने चलाया 'ऑपरेशन'

गुजरात ATS के अनुसार एटीएस के कर्मियों से लैस इंडियन कोस्ट गार्ड इंटरसेप्टर नौकाओं ने मुंद्रा पोर्ट क्षेत्र में एक तलाशी अभियान चलाया। इस ऑपरेशन के दौरान,मुंद्रा से करीब 5 समुद्री मील दूर लंगर डाले हुए एक कंटेनर पोत पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई। जिसमें कुछ बैग समंदर में फेंके जाते हुए दिखाई दिए।

115 किलोग्राम कोकीन बरामद

इंडियन कोस्ट गार्ड और एटीएस की जॉइंट टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। और रात में ही समुद्र से 5 बैग कामयाबी से बरामद कर लिए। इसके बाद उनकी जांच करने पर थैलियों में सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के पैकेट मिले। जांच में उनके कोकीन होने की पुष्टि हुई। बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन के दौरान करीब 1 किलोग्राम के कुल 115 पैकेट जब्त किए गए,जिनका वजन करीब 115 किलोग्राम था।

बरामद ड्रग की कीमत 500 करोड़

सूत्रों के मुताबिक,जब्त की गई ड्रग की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 500 करोड़ रुपये है। वहीं आगे की जांच के लिए कंटेनर पोत को पोर्ट पर लाया गया है। साथ ही आईसीजी, एटीएस गुजरात और अन्य संबंधित एजेंसियों ने इस मामले की संयुक्त जांच शुरू कर दी है। एजेंसी का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Written By: Geeta Sharma