तीज का त्योहार नजदीक आते ही महिलाओं में सजने-संवरने और पारंपरिक अंदाज में तैयार होने का उत्साह बढ़ जाता है। हर महिला चाहती है कि इस खास मौके पर उसका लुक सबसे खूबसूरत और आकर्षक नजर आए। हालांकि, स्टाइलिश दिखने के लिए महंगे कपड़े, भारी गहने या पार्लर में ज्यादा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं है। थोड़ी क्रिएटिविटी और सही स्टाइलिंग के साथ आप कम बजट में भी शाही और एलिगेंट लुक पा सकती हैं।
साड़ी से पाएं ट्रेडिशनल और रॉयल अंदाज
तीज के मौके पर साड़ी सबसे बेहतरीन विकल्पों में से एक है। अगर आपके पास बनारसी, सिल्क, ऑर्गेंजा या जॉर्जेट जैसी साड़ी पहले से मौजूद है तो उसे नए अंदाज में पहनकर बिल्कुल अलग लुक बनाया जा सकता है। पुरानी साड़ी के साथ नया ब्लाउज, ट्रेंडी ड्रेपिंग स्टाइल या अलग एक्सेसरीज आपके पूरे लुक को नया और खास बना सकती हैं।
स्मार्ट ज्वेलरी से बढ़ाएं खूबसूरती
रॉयल दिखने के लिए असली सोने की भारी ज्वेलरी खरीदने की जरूरत नहीं है। आजकल ऑक्सीडाइज्ड, गोल्ड प्लेटेड और आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी काफी स्टाइलिश लगती है। साड़ी के साथ झुमके, चोकर या रानी हार में से किसी एक को स्टेटमेंट पीस की तरह इस्तेमाल करें। अगर गले में भारी नेकलेस पहन रही हैं तो कानों में हल्के झुमके ज्यादा खूबसूरत लगेंगे।
यह भी पढ़ें: हरियाली तीज 2026: 15 अगस्त को मनाया जाएगा पावन पर्व, जानें पूजा का शुभ समय और महत्व
चूड़ियों से पूरा करें तीज का श्रृंगार
तीज के श्रृंगार में चूड़ियों का खास महत्व होता है। कांच की रंग-बिरंगी चूड़ियां न सिर्फ खूबसूरत लगती हैं बल्कि बजट में भी आसानी से मिल जाती हैं। साड़ी के रंग से मैच करती लाल, हरी, गुलाबी या मैरून चूड़ियां पहनें और इनके बीच कुछ मेटल या गोल्डन चूड़ियां जोड़कर लुक को और आकर्षक बना सकती हैं।
गजरे से दें हेयरस्टाइल को खास टच
बालों की सही स्टाइलिंग भी पूरे लुक को बदल सकती है। सिंपल जूड़ा बनाकर उसमें गजरा या छोटे फूल लगाएं। इसके साथ मांग टीका, छोटी बिंदी या हल्के हेयर एक्सेसरीज आपके ट्रेडिशनल लुक को और निखार सकते हैं।
एक्सेसरीज से बदलें आउटफिट का अंदाज
अगर आप सूट या लहंगा पहनने की सोच रही हैं तो पुराने आउटफिट को नए तरीके से स्टाइल किया जा सकता है। सिंपल सूट के साथ हैवी बॉर्डर वाला दुपट्टा या स्टाइलिश एक्सेसरीज पूरे लुक को फेस्टिव बना सकती हैं। पोटली बैग, कमरबंद या छोटी नथ जैसी चीजें आपके लुक में रॉयल टच जोड़ सकती हैं। थोड़ी समझदारी और सही कॉम्बिनेशन के साथ आप इस तीज पर बिना ज्यादा खर्च किए बेहद खूबसूरत और स्टाइलिश नजर आ सकती हैं।
Written by Rozi Sinha