हरियाली तीज, किसी खास पार्टी या फंक्शन के लिए महिलाएं अपने आउटफिट के साथ चेहरे पर भी निखार चाहती हैं। हालांकि, व्यस्त दिनचर्या में हर बार पार्लर जाकर फेशियल करवाना संभव नहीं होता। ऐसे में घर पर मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से चेहरे को फ्रेश और ग्लोइंग लुक दिया जा सकता है। इसके लिए कीवी से बना होम फेशियल एक आसान विकल्प हो सकता है। कीवी में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं, जो त्वचा को हेल्दी और फ्रेश दिखाने में मदद कर सकते हैं। ब्यूटी एक्सपर्ट रानी के मुताबिक, इसे सही तरीके से इस्तेमाल करने पर चेहरे की डलनेस कम नजर आ सकती है।
पहले चेहरे को करें तैयार
फेशियल शुरू करने से पहले चेहरे की अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है। इसके लिए एक चम्मच कीवी पल्प में एक चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। गालों पर उंगलियों को सर्कुलर मोशन में घुमाएं, जबकि जॉलाइन पर ठुड्डी से कानों की दिशा में मसाज करें। माथे पर उंगलियों को बीच से बाहर की ओर ले जाएं। करीब 2 से 3 मिनट बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें।
यह भी पढ़ें: बढ़ती उम्र में चेहरे की झुर्रियों से हैं परेशान? घर पर बनाएं लौंग और कॉफी का फेस पैक, त्वचा दिखेगी फ्रेश
अब तैयार करें कीवी फेस पैक
फेस पैक बनाने के लिए दो चम्मच कीवी पल्प लें और उसमें एक चम्मच शहद मिलाएं। अगर आपकी त्वचा रूखी है तो इसमें आधा चम्मच दही मिलाया जा सकता है। वहीं ऑयली स्किन के लिए आधा चम्मच बेसन मिलाना बेहतर विकल्प हो सकता है। तैयार पैक को चेहरे पर समान रूप से लगाएं और करीब 7 से 10 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद सामान्य पानी से चेहरा धो लें और त्वचा के अनुसार हल्का मॉइश्चराइजर लगा लें।
स्किन को मिल सकता है फ्रेश लुक
कीवी में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को फ्रेश दिखाने में मदद कर सकते हैं। इसके इस्तेमाल से चेहरा मुलायम नजर आ सकता है और डल स्किन में भी कुछ निखार दिखाई दे सकता है। विटामिन C शरीर में कोलेजन के निर्माण में भी भूमिका निभाता है, जो त्वचा की हेल्थ के लिए महत्वपूर्ण है।
कीवी लगाने से पहले रखें सावधानी
हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है, इसलिए चेहरे पर कीवी या कोई भी नया घरेलू नुस्खा इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर टेस्ट के दौरान खुजली, जलन, सूजन या लालिमा जैसी समस्या दिखाई दे तो इसे चेहरे पर इस्तेमाल न करें। संवेदनशील त्वचा वाले लोग किसी स्किन एक्सपर्ट की सलाह लेकर ही नया प्रोडक्ट या घरेलू सामग्री इस्तेमाल करें।
Written by Rozi Sinha