आज की डेटिंग दुनिया पहले जैसी नहीं रही। पहले जहां लोग पार्टनर चुनते समय सबसे ज्यादा ध्यान उसके लुक्स, सोशल मीडिया प्रेज़ेंस और आकर्षक व्यक्तित्व पर देते थे, वहीं अब धीरे-धीरे यह सोच बदलती दिख रही है। Gen Z के बीच एक नया ट्रेंड सामने आया है, जिसे मजाक में लेकिन एक गंभीर चर्चा के तौर पर “Shrekking” कहा जा रहा है। इसका मतलब है जानबूझकर ऐसे व्यक्ति को डेट करना, जो पारंपरिक मानकों के हिसाब से बहुत आकर्षक न माना जाए, इस उम्मीद में कि वह ज्यादा वफादार और भावनात्मक रूप से उपलब्ध होगा।

क्या है Shrekking

यह सिर्फ एक इंटरनेट मीम नहीं है, बल्कि आज की डेटिंग थकान और रिश्तों से जुड़ी निराशाओं को भी दर्शाता है। Shrekking का विचार यह है कि जो लोग दिखने में औसत या कम आकर्षक होते हैं, वे रिश्तों को ज्यादा गंभीरता से लेते हैं, क्योंकि उनके पास विकल्प कम माने जाते हैं।

TikTok पर लोगों ने साझा किया अपने विचार

सोशल मीडिया, खासकर TikTok पर, कई लोगों ने अपने अनुभव साझा किए कि अपेक्षाकृत कम आकर्षक पार्टनर अक्सर ज्यादा ध्यान देते हैं और बेहतर व्यवहार 0करते हैं। धीरे-धीरे यही विचार वायरल हो गया और इसे “Shrekking” नाम मिल गया—जो कि फिल्म Shrek के किरदार से प्रेरित है, जो बाहरी रूप से अलग होने के बावजूद दिल से अच्छा और ईमानदार दिखाया गया है।

डेटिंग में कई तरह की चुनौतियों का सामना

Gen Z ने डेटिंग में कई तरह की चुनौतियों का सामना किया है। जैसे बिना परिभाषा वाले रिश्ते (situationships), अचानक संपर्क खत्म हो जाना (ghosting), और भावनात्मक रूप से अनुपलब्ध पार्टनर्स। इन अनुभवों के बाद अब कई लोग बाहरी सुंदरता से ज्यादा भावनात्मक स्थिरता और व्यवहार को महत्व देने लगे हैं। उनके लिए अब सवाल यह नहीं कि सामने वाला कितना आकर्षक है, बल्कि यह कि क्या वह समय और भावनात्मक साथ दे पाएगा।

सही या संतुलित नहीं माना जा रहा ट्रेंड

हालांकि यह ट्रेंड पूरी तरह से सही या संतुलित नहीं माना जा सकता। कई बार लोग सिर्फ असुरक्षा या छोड़ दिए जाने के डर से भी ऐसे पार्टनर चुनते हैं जिन्हें वे “कम आकर्षक” समझते हैं। यह सोच भी ठीक नहीं मानी जाती, क्योंकि किसी व्यक्ति का अच्छा या बुरा होना उसकी शक्ल-सूरत से तय नहीं होता। असल में, कोई भी व्यक्ति—चाहे वह आकर्षक माना जाए या नहीं—एक अच्छा या खराब पार्टनर हो सकता है। इसलिए सिर्फ लुक्स के आधार पर किसी को आंकना सही नहीं है।

 

Written By Toshi Shah