अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप (Donald Trump) गुरुवार को अपने ऐतिहासिक दौरे पर चीन China की राजधानी बीजिंग (Beijing) पहुंचे, जहां  शी जिनपिंग (Xi Jinping) ने उनका भव्य स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें व्यापार, तकनीक, वैश्विक सुरक्षा और आपसी संबंधों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

शी जिनपिंग ने अमेरिका को लेकर कही ये बात

बैठक के दौरान शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका को प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि सहयोगी के रूप में आगे बढ़ना चाहि, उन्होंने कहा कि मजबूत संबंध दोनों देशों और पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद होंगे। वहीं ट्रंप ने भी दोनों देशों के रिश्तों को बेहतर बनाने पर जोर दिया और कहा कि अमेरिका और चीन के बीच सहयोग से वैश्विक स्थिरता मजबूत होगी।

2017 के बाद कोई अमेरिकी राष्ट्रपति पहुंचा चीन

यह यात्रा इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि 2017 के बाद पहली बार कोई मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति चीन के आधिकारिक राजकीय दौरे पर पहुंचा है। ट्रंप का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दुनिया व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ताइवान और पश्चिम एशिया के तनाव जैसे मुद्दों से जूझ रही है।

सबसे बड़ा मुद्दा व्यापार रहेग- ट्रंप

व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले ट्रंप ने साफ कहा था कि इस शिखर वार्ता का सबसे बड़ा मुद्दा व्यापार रहेगा, उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन दुनिया की दो सबसे बड़ी ताकतें हैं और दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि बातचीत से व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

चीन के उपराष्ट्रपति ने एयरपोर्ट पर ट्रंप का किया स्वागत 

बीजिंग पहुंचने पर चीन के उपराष्ट्रपति Han Zheng ने एयरपोर्ट पर ट्रंप का स्वागत किया। ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शी जिनपिंग के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं और दोनों देश आपसी फायदे के लिए मिलकर काम कर सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि शी जिनपिंग इस साल के अंत तक अमेरिका का दौरा कर सकते हैं।

 

Written By Toshi Shah