तमिलनाडु की राजनीति में गुरुवार, 21 मई का दिन बेहद अहम साबित हुआ, जब मुख्यमंत्री Vijay ने अपनी सरकार के पहले बड़े मंत्रिमंडल विस्तार को अंजाम दिया। राज्यपाल ने 23 विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही सत्ता संतुलन, सहयोगी दलों की भागीदारी और आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह रही कि इस विस्तार में सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया, जिससे गठबंधन सरकार को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस की वापसी

तमिलनाडु की राजनीति में सबसे बड़ी चर्चा कांग्रेस की वापसी को लेकर रही। लगभग 59 वर्षों बाद कांग्रेस राज्य सरकार का हिस्सा बनी है। कांग्रेस के 5 विधायकों में से 2 को मंत्री बनाया गया है। यह कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है,क्योंकि लंबे समय से पार्टी तमिलनाडु की सत्ता से बाहर थी। इसके अलावा वीसीके (VCK) ने भी सरकार में औपचारिक रूप से एंट्री कर ली है। पार्टी के दो विधायकों में से एक को मंत्री पद दिया गया है। इससे गठबंधन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई देती है।

TVK ने अपने दम पर 108 सीटें जीता

दरअसल, विधानसभा चुनाव में TVK ने अपने दम पर 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव हासिल किया था। लेकिन बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी। ऐसे में कांग्रेस, वाम दलों और IUML के समर्थन से विजय ने सरकार बनाई। फ्लोर टेस्ट के दौरान एआईएडीएमके के 24 बागी विधायकों का भी समर्थन मिला, जिसके चलते विजय सरकार के पक्ष में कुल 144 विधायक खड़े नजर आए। यह आंकड़ा बहुमत से 26 अधिक था, जिसने सरकार को मजबूत आधार प्रदान किया।

23 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

मंत्रिमंडल विस्तार में जिन 23 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें श्रीनाथ, कमली एस., सी. विजयलक्ष्मी, आर.वी. रंजीतकुमार, विनोद, राजीव, बी. राजकुमार, वी. गांधीराज, मथन राजा पी., जेगादेश्वरी के., राजेश कुमार एस., एम. विजय बालाजी, लोगेश तमिलसेल्वन डी., विजय तमिलन पार्थीबन, रमेश, पी. विश्वनाथन, कुमार आर., तेन्नारासु के., वी. संपत कुमार, मोहम्मद फरवास जे., डी. सरथकुमार, एन. मैरी विल्सन और विग्नेश के. शामिल हैं।

IUML ने मंत्रिमंडल विस्तार से दूरी बनाई

हालांकि,IUML ने फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार से दूरी बनाए रखी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि उसके 2 विधायकों में से किसे मंत्री बनाया जाए,इस पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। इसी कारण IUML आज के विस्तार में शामिल नहीं हुआ। हालांकि पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि वह सरकार का समर्थन जारी रखेगी और भविष्य में मंत्रिमंडल में शामिल होने पर निर्णय लिया जाएगा।

 Written By: Geeta Sharma