Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में आयोजित एक जनेऊ समारोह के दौरान अश्लील नृत्य और खुलेआम हथियार लहराने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।
बंदूक लहराते हुए किया गया नृत्य
मिली जानकारी के अनुसार, यह समारोह एक पारंपरिक पारिवारिक आयोजन था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। लेकिन कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय बिगड़ गया, जब कुछ लोगों ने अश्लील गानों पर नृत्य करना शुरू कर दिया। साथ ही हथियारों का प्रदर्शन भी किया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक बंदूक और अन्य हथियार लहराते हुए नाच रहे हैं, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों पर FIR दर्ज
वहीं वीडियो के सामने आने के बाद गोपालगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने इस घटना में शामिल लोगों की पहचान की और मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती हैं।
पुलिस ने इस मामले पर क्या कहा?
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक या निजी किसी भी आयोजन में हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील गतिविधियां पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। इस तरह के कृत्यों से सामाजिक व्यवस्था बिगड़ सकती है और आम लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच जारी है: पुलिस
गोपालगंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो की सत्यता के साथ-साथ उसमें दिख रहे सभी लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि समारोह के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं और हथियार लाइसेंसी थे या अवैध।
कानून-व्यवस्था का उल्लंघन होने पर होगी सख्त कार्रवाई
इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है और ऐसे आयोजनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने आयोजकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी समारोह में कानून-व्यवस्था का उल्लंघन न हो, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है और जल्द ही इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।
Written By: Geeta Sharma