Hapur News: कहते है कि शौक अपनी हैसियत से बाहर हो जाए तो इंसान को अपराध के दलदल में धकेल देता है। कुछ ऐसी ही खबर यूपी के हापुड़ जिले के थाना देहात क्षेत्र की इंद्रलोक कॉलोनी से सामने आया है। जहां लग्जरी लाइफस्टाइल, ब्रांडेड कपड़े और महंगे मोबाइल की चाहत में सगे भाई-बहन और उनकी एक सहेली ने मिलकर एक टिंबर व्यापारी के घर में लाखों की चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार पहले दोनों भाई-बहन मिलकर घरों की रेकी किया करते थे। फिर मौका मिलते ही हाथ साफ कर देते थे। 24 मार्च को इंद्रलोक कॉलोनी निवासी टिंबर व्यापारी कुलदीप गोयल के घर उस वक्त हंगामा हुआ, जब उनकी मां और पत्नी मोनिका गोयल महज 1 घंटे के लिए प्राचीन सिद्धपीठ चंडी मंदिर दर्शन करने गई थीं। इसी बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला खोलकर अलमारी और तिजोरी में रखे 8 लाख रुपए नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे। हालांकि पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी पुलिस
वारदात में शामिल शालिनी का दूसरा भाई मन्नू अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस का कहना है कि मन्नू ही वह व्यक्ति था, जो घर के अंदर घुसा था। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही। और जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा
वहीं पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा कि पूरी साजिश की मास्टरमाइंड व्यापारी की पड़ोसी और उनकी पत्नी की सहेली ईशा गुप्ता थी। ईशा अक्सर कुलदीप के घर आती-जाती थी, इस वजह से उसे घर की चाबियां रखने की जगह का पता चल गया था। इसके बाद ईशा ने अपनी सहेली शालिनी उर्फ शालू के साथ मिलकर चोरी का प्लान बनाया। शालिनी ने अपने भाई आकाश और मन्नू को भी इस चोरी में शामिल कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 11 हजार रुपए की नकदी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की है।
अज्ञात चोरों पर दर्ज था केस
इस मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले से ही इस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरे खंगाले थे। धीरे-धीरे पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया और आरोपियों के पास तक पहुंच गई। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
Writen By: Geeta Sharma