Rahul Gandhi News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार देश की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। करीब 15 साल तक सत्ता में रहने वाली टीएमसी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। जबकि बीजेपी ने पहली बार राज्य में स्पष्ट बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया है। 293 सीटों पर आए परिणामों में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई। वहीं अभी एक सीट पर पुनर्मतदान होना बाकी है।

विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल

बीजेपी की इस बड़ी जीत के बाद विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वोट चोरी के जरिए कभी सीटें छीनी जाती हैं, तो कभी पूरी सरकार पर कब्जा कर लिया जाता है।

'बीजेपी लोकतांत्रिक संस्थाओं को नियंत्रित कर रही'

राहुल गांधी ने आगे कहा कि बीजेपी लोकतांत्रिक संस्थाओं को नियंत्रित कर रही है और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से लेकर चुनावी सिस्टम तक में हेरफेर किया जा रहा है। उनके मुताबिक, अगर देश में पूरी तरह निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो बीजेपी 140 सीटों के आसपास भी नहीं पहुंच पाएगी।

'हरियाणा की सरकार घुसपैठिया सरकार'

उन्होंने हरियाणा सरकार पर भी निशाना साधते हुए उसे घुसपैठिया सरकार बताया। राहुल गांधी का कहना है कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है और यह सिर्फ किसी एक पार्टी का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश का सवाल है।

'चुनाव आयोग अब बीजेपी आयोग बन गया है'

वहीं, ममता बनर्जी ने भी चुनाव परिणामों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। टीएमसी प्रमुख ने कहा कि बीजेपी ने 100 से ज्यादा सीटों की लूट की है। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग अब निष्पक्ष नहीं रहा और बीजेपी आयोग बन गया है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने कई शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

बीजेपी की यह जीत विपक्ष के लिए बड़ा झटका

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की यह जीत विपक्ष के लिए बड़ा झटका है। 2021 के विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटें जीतने वाली टीएमसी का इस तरह से सिमटना राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत देता है। बीजेपी की इस सफलता को संगठन की मजबूत रणनीति का परिणाम माना जा रहा है।

Written By: Geeta Sharma