Elon Musk Net Worth Loss: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क को बुधवार को बड़ा झटका लगा। उनकी कुल संपत्ति में एक ही दिन में करीब 89.6 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई। यह गिरावट इतनी बड़ी है कि भारत के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति से भी ज्यादा बैठती है। हालांकि, भारी नुकसान के बाद भी मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं और उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 687 अरब डॉलर है।

कंपनियों के शेयरों में गिरावट से घटा मस्क का खजाना

मस्क की संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी कंपनियों की हिस्सेदारी से जुड़ा हुआ है। ऐसे में शेयर बाजार में आई हलचल का सीधा असर उनकी निजी संपत्ति पर पड़ता है। बुधवार को उनकी प्रमुख कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। स्पेसएक्स के शेयरों में करीब 13.61 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के शेयर भी करीब 1.77 प्रतिशत नीचे आ गए। दोनों कंपनियों के बाजार मूल्य में कमी के चलते मस्क की कुल संपत्ति में इतनी बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

दुनिया के कई बड़े अरबपतियों की संपत्ति भी घटी

बुधवार का दिन दुनिया के कई शीर्ष अरबपतियों के लिए अच्छा नहीं रहा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, दुनिया के टॉप-10 अमीरों में से ज्यादातर की संपत्ति में गिरावट आई। गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज की संपत्ति में करीब 11.5 अरब डॉलर की कमी आई, जबकि सर्गेई ब्रिन को लगभग 10.5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। इस बदलाव के बाद अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस अमीरों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

अमीरों की सूची में मस्क अब भी नंबर-1

ताजा रैंकिंग में एलन मस्क पहले पायदान पर बने हुए हैं। उनके बाद जेफ बेजोस, सर्गेई ब्रिन, माइकल डेल, मार्क जुकरबर्ग, लैरी एलिसन, जेंसन हुआंग, स्टीव बाल्मर और बर्नार्ड अर्नॉल्ट जैसे कारोबारी दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल हैं।

मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति में भी बदलाव

भारत के अरबपतियों की बात करें तो गौतम अडानी करीब 113 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 17वें स्थान पर हैं। वहीं मुकेश अंबानी की संपत्ति में भी बुधवार को गिरावट दर्ज की गई। उनकी नेटवर्थ करीब 51.4 करोड़ डॉलर कम हुई। इस साल अब तक अंबानी की कुल संपत्ति में लगभग 22 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है।

इतिहास की बड़ी एकदिवसीय गिरावट में शामिल

एलन मस्क की एक दिन में करीब 90 अरब डॉलर की संपत्ति कम होना कारोबारी जगत में चर्चा का विषय बन गया है। इतनी बड़ी रकम कई देशों के बड़े उद्योगपतियों की कुल संपत्ति के बराबर मानी जाती है। हालांकि बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद मस्क अभी भी दुनिया के सबसे धनी कारोबारी बने हुए हैं।

Written By: Sushma Pandey