दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने के लिए अब नई तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में राजधानी के कीर्तिनगर इलाके में पहली बार पोल माउंटेड डस्ट कैचर मशीनें लगाई गई हैं। यह परियोजना फिलहाल प्रयोग के तौर पर शुरू की गई है,जिसके तहत 21 मशीनें स्थापित की गई हैं। इन मशीनों को स्ट्रीट लाइट के पोल पर लगाया गया है ताकि वे आसपास की प्रदूषित हवा को साफ कर सकें। अगर यह प्रयोग सफल साबित होता है तो भविष्य में दिल्ली के अन्य इलाकों में भी इन मशीनों को लगाया जाएगा।

फिल्टरलेस तकनीक पर आधारित है यह मशीन

यह मशीन विशेष रूप से इसलिए चर्चा में है क्योंकि यह एक फिल्टरलेस तकनीक पर आधारित है। सामान्य एयर प्यूरीफायर मशीनों में फिल्टर का इस्तेमाल होता है,जिसे समय-समय पर बदलना पड़ता है,लेकिन इस मशीन में ऐसी आवश्यकता नहीं है। यह मशीन हवा में मौजूद धूल,धुआं और अन्य हानिकारक प्रदूषकों को अपने इनलेट के माध्यम से अंदर खींचती है और उन्हें साफ करके आउटलेट से शुद्ध हवा बाहर छोड़ती है। दावा किया गया है कि एक मशीन एक घंटे में लगभग 3 लाख लीटर हवा को शुद्ध करने की क्षमता रखती है।

मशीन के साथ लगाया गया एक विशेष बॉक्स

मशीन के साथ एक विशेष बॉक्स भी लगाया गया है,जिसमें हवा से निकाले गए प्रदूषक जमा होते रहते हैं। जब इस बॉक्स में लगभग 2.5 किलो प्रदूषक इकट्ठा हो जाते हैं,तो इसका संदेश कंट्रोल सेंटर तक पहुंच जाता है। इसके बाद संबंधित कर्मचारी बॉक्स को बदल देते हैं और मशीन दोबारा काम शुरू कर देती है। खास बात यह है कि जमा किए गए प्रदूषकों को बाद में कम्प्रेस करके ईंटों का रूप दिया जाता है,जिससे कचरे का उपयोग भी संभव हो पाता है।

बिजली से संचालित हो रही हैं ये मशीनें

फिलहाल ये मशीनें बिजली से संचालित हो रही हैं,लेकिन भविष्य में इन्हें सौर ऊर्जा से चलाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए मशीनों के ऊपर सोलर प्लेट लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे ऊर्जा की बचत होगी और पर्यावरण को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया निरीक्षण

इस परियोजना को IIT दिल्ली द्वारा आयोजित एक इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से चुना गया था। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इन मशीनों का निरीक्षण किया। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह तकनीक सफल रहती है, तो दिल्ली के स्थानीय प्रदूषण को कम करने में काफी मदद मिल सकती है और लोगों को स्वच्छ हवा मिल सकेगी।

Written By: Geeta Sharma