Delhi Drugs Factory:  दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने अवैध मेथामफेटामाइन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और ड्रग्स के कच्चे माल के गोदाम का खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार ड्रग्स फैक्ट्री का संचालन दिल्ली के स्वरूप नगर में हो रहा था। वहीं इस मामले के कार्रवाई के दौरान एक विदेशी महिला की चौथी मंजिल से कूदने के कारण मौत हो गई।

नॉर्थ जिले के डीसीपी का बयान

नॉर्थ जिले के डीसीपी राजा बांठिया के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई बुराड़ी थाने में दर्ज एक FIR की जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई। इसके साथ ही जांच में पुलिस ने फ्रैंक डैशमंड नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर ही पुलिस टीम स्वरूप नगर स्थित एक इमारत तक पहुंची

पुलिस ने जब्त किया हेरोइन

पुलिस ने इमारत की तीसरी मंजिल पर छापेमारी कर रोमियो उर्फ स्काई को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 30 ग्राम एमडीएमए और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके बाद पुलिस की टीम इमारत की चौथी मंजिल पर पहुंची। जहां 2 अलग-अलग फ्लैटों में अफ्रीकी मूल के नागरिक रह रहे थे।

पुलिस को देखते ही इमारत से कूदी विदेशी महिला

जानकारी के अनुसार पुलिस जब चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में पहुंची, वहां स्टेला पीयूस नाम की विदेशी महिला मौजूद थी। अचानक पुलिस को देखते ही महिला घबरा गई और अचानक फ्लैट की बालकनी से कूद गई। महिला को बुराड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को मिले कई सूबत

यह मामला तब सामने आया जब पुलिस ने एक संदिग्ध मौत की जांच के दौरान अपार्टमेंट की तलाशी ली। जांच के दौरान चौथी मंजिल पर रहने वाले अफ्रीकी नागरिक मार्टिन आरोन के पास से एक चाबी बरामद हुई, जो मृतका स्टेला पीयूस के फ्लैट के बंद कमरे की निकली। कमरे का ताला खोलते ही पुलिस हैरान रह गई, क्योंकि वहां भारी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीनें और अन्य उपकरण मौजूद थे। शुरूआती जांच में खुलासा हुआ कि कमरे का उपयोग मेथामफेटामाइन और एमडीएमए जैसी प्रतिबंधित ड्रग्स के निर्माण के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से तैयार ड्रग्स, कच्चा माल और निर्माण उपकरण जब्त कर लिए हैं। अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि ड्रग्स सप्लाई के स्रोत और इसके वितरण क्षेत्र का पता लगाया जा सके।

 

Written By: Geeta Sharma