डोसा भारत के सबसे पसंदीदा नाश्तों में से एक है। साउथ इंडिया की यह मशहूर डिश अब देश के लगभग हर घर में बनाई और पसंद की जाती है। हालांकि, कई लोग सिर्फ इसलिए घर पर डोसा बनाने से बचते हैं क्योंकि उनके पास स्पेशल डोसा तवा नहीं होता। उन्हें लगता है कि साधारण पैन या लोहे के तवे पर डोसा चिपक जाएगा या सही तरीके से नहीं बनेगा। लेकिन कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप नॉर्मल पैन या रोज इस्तेमाल होने वाले तवे पर भी बाजार जैसा पतला और क्रिस्पी डोसा तैयार कर सकते हैं।

नॉर्मल पैन पर ऐसे बनाएं डोसा
अगर आप फ्राई पैन या साधारण नॉन-स्टिक पैन में डोसा बना रहे हैं, तो सबसे पहले उसे धीमी आंच पर हल्का गर्म करें। इसके बाद पैन पर थोड़ा सा कुकिंग ऑयल डालें और टिश्यू पेपर या सूती कपड़े की मदद से पूरे पैन पर अच्छी तरह फैला दें। अतिरिक्त तेल को पोंछ देने से सतह स्मूद हो जाती है, जिससे डोसे का घोल चिपकता नहीं और आसानी से फैल जाता है।

लोहे के तवे के लिए अपनाएं यह घरेलू तरीका
रोज रोटी बनाने वाले लोहे के तवे पर डोसा बनाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। इसके लिए एक आसान घरेलू उपाय अपनाया जा सकता है। सबसे पहले एक प्याज को बीच से काट लें। फिर तवे पर हल्का सा तेल लगाकर कटे हुए प्याज को पूरे तवे पर अच्छी तरह रगड़ें। प्याज का रस और तेल मिलकर तवे पर एक ऐसी परत बना देते हैं, जिससे डोसा चिपकने की संभावना काफी कम हो जाती है और वह आसानी से निकल आता है।

यह भी पढ़ें : घर पर डोसा बनाते समय तवे पर चिपक जाता है? अपनाएं ये आसान उपाय, हर बार मिलेगा बाजार जैसा कुरकुरा स्वाद

तवे का तापमान रखें सही
डोसा बनाते समय तवे का तापमान सही होना बेहद जरूरी है। अगर तवा बहुत ज्यादा गर्म होगा तो घोल फैलने की बजाय तुरंत चिपक जाएगा। इसलिए हर नया डोसा बनाने से पहले तवे पर कुछ बूंदें पानी की छिड़कें। पानी सूखने के बाद तवे को कपड़े से पोंछ लें और फिर धीमी आंच पर घोल डालकर गोलाई में फैलाएं। जब डोसा अच्छी तरह फैल जाए, तब आंच तेज कर दें ताकि वह सुनहरा और कुरकुरा बने।

आखिर में लगाएं थोड़ा तेल या घी
जब डोसे की ऊपरी सतह हल्की सूखने लगे और किनारे रंग बदलने लगें, तब उसके चारों ओर थोड़ा सा तेल, घी या बटर डालें। इससे डोसा नीचे से अच्छी तरह सिकता है, किनारे अपने आप छोड़ने लगता है और बिना टूटे आसानी से तवे से निकल जाता है।

अगर इन आसान टिप्स को अपनाया जाए, तो बिना स्पेशल डोसा तवे के भी घर पर स्वादिष्ट, पतला और क्रिस्पी डोसा आसानी से बनाया जा सकता है।

Written by Rozi Sinha