Shivakumar oath Ceremony: कर्नाटक की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। 3 जून, बुधवार को आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर राज्य और राष्ट्रीय राजनीति की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,राहुल गांधी तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने समारोह में भाग लिया और नई सरकार को शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने डीके शिवकुमार किया स्वागत
शपथ ग्रहण समारोह से पहले पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने डीके शिवकुमार का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। यह दृश्य कांग्रेस नेतृत्व की एकजुटता और नई सरकार के प्रति विश्वास का प्रतीक माना गया। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद डीके शिवकुमार ने राज्य के विकास,सुशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया।
14 कैबिनेट मंत्रियों ने भी ली मंत्री पद का शपथ
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा कुल 14 कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। इनमें सबसे प्रमुख नाम के.एच. मुनियप्पा का रहा। कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता मुनियप्पा 78 वर्ष की आयु में भी सक्रिय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं और कोलार लोकसभा सीट से सात बार सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा वे केंद्र सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हाल ही में वे देवनहल्ली विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं।
नई कैबिनेट में शामिल मंत्रियों के नाम
नई कैबिनेट में शामिल अन्य प्रमुख नेताओं में के.जी. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू.टी. खादर, ईश्वर खांद्रे, यतीन्द्र सिद्दारमैया, बैराथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल शामिल हैं। इन नेताओं को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है।
डीके शिवकुमार कर्नाटक के करेंगे कायापलट
डीके शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार राज्य में विकास,सामाजिक न्याय और प्रशासनिक सुधारों पर विशेष ध्यान दे सकती है। नई सरकार के गठन के साथ ही जनता की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और उनकी टीम चुनावी वादों को किस प्रकार धरातल पर उतारती है और कर्नाटक को विकास की नई दिशा देती है।
Written By: Geeta Sharma