केरल कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ (Sunny Joseph) ने रविवार (10 मई 2026) को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) जल्द ही केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व पहले ही मुख्यमंत्री पद के तीन प्रमुख दावेदारों से चर्चा कर चुका है।
सनी जोसेफ ने मीडिया से कही ये बात
नई दिल्ली से लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में सनी जोसेफ ने कहा कि फिलहाल उन्हें राज्य स्तर पर किसी अतिरिक्त बैठक की आवश्यकता नहीं लगती। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि अंतिम घोषणा कब होगी। उन्होंने केवल इतना कहा कि सभी नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी और विवादों से दूर रहने की सलाह दी गई है। जब उनसे पूछा गया कि क्या यूडीएफ सहयोगी दलों से भी राय ली जाएगी, तो उन्होंने कहा कि इस पर अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान ही करेगा।
मुख्यमंत्री पद की रेस ये नाम सबसे आगे
सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता ए के एंटनी (A. K. Antony) के बीच होने वाली चर्चा मुख्यमंत्री चयन में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल मुख्यमंत्री पद की रेस में के सी वेणुगोपाल (K. C. Venugopal), वी डी सतीशन (V. D. Satheesan) और रमेश चेन्निथला (Ramesh Chennithala) के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
रमेश चेन्निथला खुद को मान रहे सबसे सीएम रेस में सबसे आगे
वेणुगोपाल समर्थकों का मानना है कि पार्टी नेतृत्व विधायक दल की राय को अहमियत देगा, जबकि सतीशन खेमे का दावा है कि उनकी जनस्वीकार्यता और यूडीएफ सहयोगी दलों का समर्थन उन्हें मजबूत दावेदार बनाता है। वहीं रमेश चेन्निथला भी अपनी उम्मीद बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि वह अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और वरिष्ठता के आधार पर मुख्यमंत्री पद के लिए खुद को मजबूत विकल्प मानते हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि वी डी सतीशन और रमेश चेन्निथला दोनों इस बात से संतुष्ट हैं कि हाईकमान ने उनकी बात विस्तार से सुनी है। अब कांग्रेस नेतृत्व के अंतिम फैसले का इंतजार किया जा रहा है
Written By Toshi Shah