Delhi Hanuman Jayanti: देशभर में हनुमान जयंती की त्योहार मनाया जा रहा है। मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है, शोभायात्रा निकाली जा रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हनुमान जयंती के अवसर पर कई हिंदू संगठन दिल्ली के विभिन्न इलाकों में शोभायात्राएं निकाल रहे हैं, जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। खासतौर पर जहांगीरपुरी और उत्तम नगर को संवेदनशील मानते हुए यहां भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
जहांगीरपुरी में पुलिस ने की फ्लैग मार्च
हनुमान जयंती से पहले जहांगीरपुरी में पुलिस ने फ्लैग मार्च और बाइक पेट्रोलिंग की है। इसके अलावा अमन कमेटी की बैठकों के जरिए स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे की स्थिति से निपटने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रखा गया है।
सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन रखी जा रही निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, लगातार पेट्रोलिंग के जरिए लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश को सख्ती से निपटा जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
2022 में हनुमान जयंती पर हुई थी हिंसा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दरअसल, साल 2022 जहांगीरपुरी इलाके में हुई हिंसा तो आपको याद ही होगी। शोभा यात्रा के दौरान पत्थरबाजी की गई, जिसने थोड़ी ही देर में हिंसक रूप ले लिया था। इसी को मद्देनज़र रखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
Writen By: Geeta Sharma