अगर आप भी इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने के शौकीन हैं,तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। इंस्टाग्राम ने अपने यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक नया टेलीप्रॉम्प्टर फीचर लॉन्च किया है,जो वीडियो रिकॉर्डिंग को पहले से कहीं ज्यादा आसान और प्रोफेशनल बना देगा। इस फीचर की मदद से अब यूजर्स रिकॉर्डिंग के दौरान स्क्रीन पर अपनी स्क्रिप्ट पढ़ सकेंगे और उन्हें डायलॉग या कंटेंट याद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

नया फीचर सीधे रील्स कैमरा इंटरफेस से जुड़ा है

इंस्टाग्राम का यह नया फीचर सीधे रील्स कैमरा इंटरफेस में जोड़ा गया है। पहले जहां क्रिएटर्स को स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए अलग टेलीप्रॉम्प्टर ऐप्स,प्रिंटेड नोट्स या कैमरे के पीछे चिपकाए गए कागजों का सहारा लेना पड़ता था,वहीं अब यह सुविधा इंस्टाग्राम ऐप के भीतर ही उपलब्ध होगी। यूजर्स को केवल रील्स कैमरा खोलना होगा,कैमरा टूल्स में दिए गए टेलीप्रॉम्प्टर आइकन पर टैप करना होगा और अपनी स्क्रिप्ट पेस्ट करनी होगी। इसके बाद रिकॉर्डिंग शुरू होते ही टेक्स्ट स्क्रीन पर अपने आप स्क्रॉल होने लगेगा।

क्रिएटर्स के लिए बेहद उपयोगी यह फीचर

यह फीचर खासतौर पर उन क्रिएटर्स के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा जो टॉकिंग-हेड वीडियो,ट्यूटोरियल,एजुकेशनल कंटेंट,एक्सप्लेनर वीडियो या प्रोडक्ट रिव्यू बनाते हैं। अक्सर वीडियो रिकॉर्ड करते समय स्क्रिप्ट भूल जाना,बार-बार रुकना या कई बार रीटेक लेना एक बड़ी समस्या बन जाती है। इससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि एडिटिंग का काम भी बढ़ जाता है। नए टेलीप्रॉम्प्टर फीचर के जरिए क्रिएटर्स कैमरे की ओर देखते हुए आसानी से अपनी स्क्रिप्ट पढ़ सकेंगे और अधिक आत्मविश्वास के साथ वीडियो रिकॉर्ड कर पाएंगे।

इस फीचर के लिए लेटेस्ट वर्जन अपडेट करना होगा

इंस्टाग्राम इस फीचर को सही तरीके से सभी यूजर्स तक पहुंचा रहा है। ऐसे में कुछ लोगों को इसे इस्तेमाल करने के लिए ऐप का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करना पड़ सकता है। कंपनी का दावा है कि यह फीचर कंटेंट क्रिएशन प्रक्रिया को अधिक सरल और प्रभावी बनाएगा।

टेलीप्रॉम्प्टर फीचर इंस्टाग्राम की क्रिएटर-फर्स्ट रणनीति का हिस्सा

टेलीप्रॉम्प्टर फीचर इंस्टाग्राम की बड़ी क्रिएटर-फर्स्ट रणनीति का हिस्सा है। हाल के वर्षों में कंपनी ने शेड्यूलिंग टूल्स, बेहतर एनालिटिक्स और कोलैबोरेशन फीचर्स जैसे कई नए विकल्प पेश किए हैं। अब इस नए फीचर के जरिए इंस्टाग्राम प्रोफेशनल क्रिएटर्स, शिक्षकों, ट्रेनर्स, बिजनेस एक्सपर्ट्स और रिव्यूअर्स को बेहतर अनुभव देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठा रहा है।

Written By: Geeta Sharma