हैदराबाद में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की भतीजी के नाम पर बने फातिमा ओवैसी एजुकेशनल (केजी-पीजी) कैंपस को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार झील के बफर जोन में बने इस कैंपस के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय AIMIM को संरक्षण दे रही है।
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कही ये बात
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार भूमि और रियल एस्टेट मामलों में आम लोगों के साथ सख्ती बरतती है, लेकिन प्रभावशाली लोगों के मामलों में अलग रवैया अपनाती है। उनके अनुसार, सरकार की प्राथमिकता कानून का समान रूप से पालन कराने के बजाय राजनीतिक हित साधना बन गई है।
तेलंगाना हाई कोर्ट ने उठाए सवाल
यह विवाद उस समय और गहरा गया जब तेलंगाना हाई कोर्ट ने चंद्रयानगुट्टा स्थित सालकम चेरुवु झील क्षेत्र में बने बैरिस्टर फातिमा ओवैसी एजुकेशनल कैंपस को दी गई मंजूरी पर सवाल उठाए। अदालत ने संबंधित सरकारी विभागों से निर्माण की अनुमति और रिकॉर्ड के बारे में स्पष्ट जानकारी मांगी, क्योंकि अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया था।
भाजपा ने लगाया आरोप
भाजपा का आरोप है कि हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (HYDRAA) आम नागरिकों के खिलाफ तो तेजी से कार्रवाई करती है, लेकिन इस मामले में फुल टैंक लेवल (FTL) और बफर जोन में निर्माण के आरोपों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। जी. किशन रेड्डी ने कहा कि हाई कोर्ट की लगातार टिप्पणियों के बावजूद सरकार की निष्क्रियता कई सवाल खड़े करती है।
रेड्डी ने कांग्रेस पर कसा तंज
रेड्डी ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार AIMIM को पूरे मुस्लिम समाज का प्रतिनिधि मानकर उसके प्रति नरम रुख अपना रही है। उनके अनुसार, इस प्रकरण ने कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति और AIMIM के दोहरे मानदंडों को उजागर किया है।
AIMIM नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने इन आरोपों किया खारिज
वहीं, AIMIM नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि एक इमारत गिराई जाती है, तो उसकी जगह कई नई इमारतें खड़ी की जाएंगी। बैरिस्टर फातिमा ओवैसी, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की भतीजी और अकबरुद्दीन ओवैसी की बेटी हैं। उन्होंने लंदन से कानून की पढ़ाई की है और वर्तमान में इस शैक्षणिक परिसर के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
Written By Toshi Shah