विटामिन D की कमी अक्सर अचानक नहीं दिखती, बल्कि धीरे-धीरे शरीर में असर डालती है। शुरुआत में हल्की थकान, सुस्ती और मूड में बदलाव जैसे संकेत दिखाई देते हैं, जिन्हें लोग आम तौर पर तनाव या रोजमर्रा की थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कई बार ये छोटे लक्षण किसी बड़ी कमी की ओर इशारा करते हैं।

विटामिन D हार्मोन की तरह करता है काम

फंक्शनल न्यूट्रिशन के अनुसार, विटामिन D केवल एक पोषक तत्व नहीं बल्कि शरीर में हार्मोन की तरह काम करता है। इसकी कमी होने पर शरीर पहले हल्के संकेत देता है, जो समय के साथ अधिक स्पष्ट और गंभीर हो सकते हैं।

कमी के प्रमुख संकेत

लगातार थकान इसका एक बड़ा संकेत है। कई बार पर्याप्त नींद लेने के बाद भी शरीर में ऊर्जा महसूस नहीं होती। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि विटामिन D की कमी शरीर की इम्यूनिटी और कोशिकाओं में ऊर्जा बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करती है, जिससे व्यक्ति हमेशा थका हुआ महसूस करता है।

बार-बार बीमार पड़ना है अहम संकेत

बार-बार बीमार पड़ना भी इसका एक अहम संकेत है। छोटी-छोटी बीमारियां जल्दी-जल्दी होना और ठीक होने में ज्यादा समय लगना यह दर्शाता है कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो रही है। विटामिन D इम्यून सिस्टम को संतुलित रखने में मदद करता है, और इसकी कमी से यह संतुलन बिगड़ जाता है।

मूड में खराब भी है संकेत

मूड में गिरावट भी इस कमी से जुड़ी हो सकती है। बिना किसी स्पष्ट कारण के उदासी, चिड़चिड़ापन या ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई महसूस हो सकती है। विटामिन D दिमाग में मूड नियंत्रित करने वाले केमिकल्स को प्रभावित करता है, इसलिए धूप में समय बिताने से अक्सर मन बेहतर लगता है।

शरीर में दर्द

इसके अलावा मांसपेशियों में दर्द, शरीर में कमजोरी, कमर में जकड़न या ताकत की कमी जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। लंबे समय तक नजरअंदाज करने पर यह समस्या हड्डियों को भी प्रभावित कर सकती है।

लाइफस्टाइल का असर

आज की जीवनशैली में लंबे समय तक घर या ऑफिस के अंदर रहना, धूप की कमी और संतुलित आहार न लेना इस समस्या को बढ़ा रहे हैं। इसलिए यदि थकान, मूड में बदलाव और शरीर में दर्द एक साथ महसूस हो रहे हों, तो इसे हल्के में न लें और जांच कराना बेहतर होता है।

ऐसे करें बचाव

बचाव के लिए रोजाना कुछ समय धूप में रहें। खासकर सुबह या शाम के समय। साथ ही, अपने आहार में पौष्टिक चीजों को शामिल करना चाहिए। यदि जरूरत पड़े, तो सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।

Written By Toshi Shah