Narottam Mishra: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। शुरुआती रुझानों में भाजपा बढ़त बनाए हुए थी,लेकिन चौथे राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बढ़त हासिल कर ली है। वहीं आंकड़ों के अनुसार,घनश्याम सिंह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से 736 वोटों से आगे चल रहे हैं। इससे पहले तीसरे राउंड में कांग्रेस को केवल 33 वोटों की मामूली बढ़त मिली थी,जिसे चौथे राउंड में और मजबूत कर लिया गया।
नरोत्तम मिश्रा का बड़ा दावा
कांग्रेस की बढ़त के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती रुझानों से किसी भी परिणाम पर पहुंचना उचित नहीं होगा। मिश्रा ने भरोसा जताते हुए कहा कि एक घंटे में सब कुछ साफ हो जाएगा,जीत भाजपा की ही होगी। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि भाजपा अभी भी अंतिम परिणाम को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही है।
शुरुआती बढ़त के बाद भाजपा पीछे
मतगणना के पहले और दूसरे राउंड में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने बढ़त बनाई हुई थी। दूसरे राउंड की समाप्ति तक उन्हें 8,253 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को 7,378 वोट प्राप्त हुए थे। उस समय भाजपा 875 वोटों से आगे थी। हालांकि,तीसरे और चौथे राउंड की गिनती में कांग्रेस ने तेजी से बढ़त बनाई और अब मुकाबले में आगे निकल गई है।
15 राउंड में पूरी होगी मतगणना
दतिया उपचुनाव की मतगणना कुल 15 राउंड में संपन्न होनी है। इसके लिए 21 मतगणना काउंटर बनाए गए हैं। अब तक चार राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है और मुकाबला बेहद कांटे का बना हुआ है। मतगणना की प्रक्रिया दतिया के पॉलिटेक्निक कॉलेज में हो रही है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की गई, जिसके बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम के मतों की गिनती शुरू हुई।
सभी की निगाहें अंतिम नतीजों पर
चार राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस ने बढ़त जरूर बना ली है, लेकिन अभी 11 राउंड की मतगणना बाकी है। ऐसे में चुनावी तस्वीर किसी भी समय बदल सकती है। भाजपा शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद वापसी की उम्मीद लगाए हुए है, जबकि कांग्रेस अपनी बढ़त को अंत तक बनाए रखने की कोशिश करेगी। लगातार बदलते रुझानों के बीच दतिया उपचुनाव का अंतिम परिणाम प्रदेश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Written By: Geeta Sharma