कर्नाटक के गृह, ई-गवर्नेंस तथा कलबुर्गी-यादगीर जिलों के प्रभारी मंत्री प्रियांक खरगे के कलबुर्गी शहर के पहले दौरे पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नेता मौजूद रहे।

विधान परिषद सदस्य टिप्पन्ना कामाकनूर ने कार्यक्रम में कही ये बात

समारोह को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य टिप्पन्ना कामाकनूर ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि प्रियांक खरगे राज्य सरकार के प्रमुख और प्रभावशाली मंत्रियों में शामिल हैं, उन्होंने विश्वास जताया कि खरगे 2028 के विधानसभा चुनाव में फिर से जीत दर्ज करेंगे और भविष्य में मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने की क्षमता रखते हैं। कामाकनूर ने यह भी कहा कि कोली और कब्बालिंगा समुदायों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने की राजनीतिक इच्छाशक्ति यदि किसी नेता में है, तो वह प्रियांक खरगे हैं।

अंबिगाड़ा चौडय्या की प्रतिमा के लिए 17 लाख की मंजूरी

टिप्पन्ना बताया कि कलबुर्गी में संत निजशरण अंबिगाड़ा चौडय्या की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए मंत्री ने 17  लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। साथ ही उन्होंने प्रतिमा के अनावरण समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखने और बेंगलुरु स्थित विधान सौधा के सामने भी अंबिगाड़ा चौडय्या की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग दोहराई।

प्रियांक खरगे को क्षमता के आधार पर मिले अहम विभाग

विधायक एम.वाई. पाटिल और अल्लामाप्रभु पाटिल ने कहा कि प्रियांक खरगे को उनकी प्रशासनिक क्षमता और अनुभव के अनुरूप महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि ई-गवर्नेंस विभाग पहली बार मुख्यमंत्री के अलावा किसी अन्य मंत्री को दिया गया है। उनके अनुसार, आईटी-बीटी क्षेत्र के उद्योग जगत ने भी इस विभाग की जिम्मेदारी खरगे को देने की सिफारिश की थी, जो उनकी कार्यकुशलता का प्रमाण है। दोनों विधायकों ने कहा कि पहले उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई थी, लेकिन उनमें मुख्यमंत्री बनने की भी पूरी योग्यता है।

सूखे और पेयजल संकट पर राहत की मांग

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने जिले में सूखे जैसी स्थिति और बढ़ती पेयजल समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने प्रियांक खरगे से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले राहत उपायों को लेकर सरकार से प्रभावी पहल करें, ताकि प्रभावित क्षेत्रों को आवश्यक सहायता मिल सके। इससे पहले शहर के गंज क्षेत्र स्थित नागेश्वर स्कूल के पास हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रियांक खरगे का गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह के दौरान पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

 

Written By Toshi Shah