मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में एक बार फिर सीएनजी उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। गैस वितरण कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं, जिसके बाद मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी 86 रुपये प्रति किलो के भाव से उपलब्ध होगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया है। इससे पहले 14 मई को भी MGL ने सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाए थे, जिसके बाद कीमत 82 रुपये से बढ़कर 84 रुपये प्रति किलो हो गई थी। अब ताजा बढ़ोतरी के साथ कीमत 86 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती चुनौतियों का असर-कंपनी
कंपनी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती चुनौतियों का असर गैस की लागत पर पड़ रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, रुपये की कमजोरी और आपूर्ति श्रृंखला में आने वाली बाधाएं गैस खरीदने की लागत बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए सीएनजी की कीमतों में संशोधन किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि सीएनजी महंगी होने से परिवहन क्षेत्र की लागत भी बढ़ेगी। इसका असर ऑटो और टैक्सी सेवाओं पर पड़ सकता है। मुंबई के कई ऑटो रिक्शा यूनियन पहले से ही किराए में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं और ताजा मूल्य वृद्धि के बाद यह मांग और तेज हो सकती है।
मुंबई में 12 लाख से अधिक सीएनजी वाहन का उपयोग
MGL के आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई महानगर क्षेत्र में 12 लाख से अधिक वाहन सीएनजी का उपयोग करते हैं। ऐसे में कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में वाहन चालकों और यात्रियों पर पड़ने की संभावना है।
वहीं, दिल्ली व इसके आसपास के इलाकों में मई में सीएनजी की कीमतें कुल चार बार बढ़ाई जा चुकी हैं।
15 मई- 2 रुपये प्रति किलो
17 मई-1 रुपये प्रति किलो
23 मई- 1 रुपये प्रति किलो
26 मई- 2 रुपये प्रति किलो
Written By Toshi Shah