शनिवार, 18 जुलाई को बुलंदशहर में यूपी सीएम योगी ने एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ कानून-व्यवस्था, विकास और बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों को प्रमुखता से रखा। नुमाइश ग्राउंड में आयोजित जनसभा में उन्होंने बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 574 करोड़ रुपये की लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

'न कर्फ्यू है, न दंगा है, अब सब चंगा'

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति पूरी तरह अलग थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय लगभग हर जिले में दंगे, माफिया और सिंडिकेट का प्रभाव था। जिससे आम लोगों का जीवन और युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होते थे। मुख्यमंत्री ने कहा, आज प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है, अब सब चंगा है।

कानून-व्यवस्था और विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अपराध और माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश की कई चीनी मिलों को बेचा गया। जबकि वर्तमान सरकार उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश को देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है।

किसानों और आधारभूत संरचना को बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित किसानों की जमीनों के मुआवजे में वृद्धि की घोषणा की। इसके साथ ही बुलंदशहर नगर के लिए रिंग रोड निर्माण को भी स्वीकृति देने की घोषणा की, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

सैनिक विद्यालय में छात्राओं के लिए छात्रावास की घोषणा

जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिकारपुर स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय में छात्राओं के प्रवेश की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार छात्राओं के लिए छात्रावास का निर्माण कराएगी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि रज्जू भैया की माताजी के नाम पर विद्यालय परिसर में छात्रों के लिए भी छात्रावास बनाया जाएगा।

सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता पर दिया बल

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी में विकसित हुए कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश की जनता के जनादेश का परिणाम है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि समाज को छुआछूत, जाति, क्षेत्र और भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता की दिशा में कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बताते हुए कहा कि इसके चौथे सरसंघचालक रहे रज्जू भैया का जीवन समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत है।

विकास और सुशासन का संदेश

बुलंदशहर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं, बेहतर कानून-व्यवस्था, किसानों के हितों और शिक्षा के क्षेत्र में नई घोषणाओं के माध्यम से प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाना है।

 

Written By: Geeta Sharma