CM Yogi News: सीएम योगी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर युवाओं को तकनीक के महत्व को समझाते हुए संदेश दिया। सीएम ने तकनीक की तुलना समय से करते हुए कहा कि जो व्यक्ति तकनीक के साथ नहीं चलता, वह समय से पीछे रह जाता है।
मुख्यमंत्री ने शेयर किया पोस्ट
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ‘योगी की पाती’ शीर्षक से एक पत्र साझा किया,जिसमें उन्होंने युवाओं से नई तकनीकों को सीखने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 11, 2026
तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार है। प्रदेश सरकार इसी मंत्र पर आगे बढ़ रही है।
मेरे युवा साथियों, तकनीक समय की तरह है। तकनीक के साथ नहीं चलना, समय से पिछड़ जाना है। तकनीक के साथ चलने का अर्थ सुदृढ़ वर्तमान एवं… pic.twitter.com/k1x9STnvQe
तकनीक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं है,बल्कि यह आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए लिखा कि तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना एक मजबूत वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने जैसा है। उनका मानना है कि आधुनिक युग में तकनीकी ज्ञान ही सफलता की कुंजी बन चुका है। इसलिए युवाओं को नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के इतिहास का किया उल्लेख
सीएम योगी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के इतिहास का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 11 मई 1998 को भारत ने पोखरण में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत सफल परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी वैज्ञानिक क्षमता और तकनीकी शक्ति का परिचय दिया था। इसी दिन स्वदेशी विमान ‘हंस-3’ ने सफल उड़ान भरी थी और ‘त्रिशूल’ मिसाइल का परीक्षण भी सफल रहा था। इन उपलब्धियों ने भारत को आत्मनिर्भरता और तकनीकी मजबूती की दिशा में नई पहचान दिलाई।
तकनीक और वैज्ञानिक प्रगति का ही परिणाम है
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तकनीक प्रयोगशालाओं से निकलकर खेत-खलिहानों तक पहुंच चुकी है। ऑनलाइन सेवाओं,डिजिटल भुगतान और आधुनिक कृषि उपकरणों ने आम लोगों का जीवन आसान बनाया है। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला काउल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के इस सपूत ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा से पूरे देश को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि भी तकनीक और वैज्ञानिक प्रगति का ही परिणाम है।
युवाओं से तकनीक को अपनाने की अपील की
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ‘इनोवेट इन यूपी, स्केल फॉर द वर्ल्ड’ के मंत्र पर कार्य कर रही है। राज्य में ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज आईटी पार्क, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अग्रणी बन रहा है तथा यहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी किया जा रहा है। अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से तकनीक को अपनाकर आत्मनिर्भर प्रदेश और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
Written By: Geeta Sharma