CM Yogi: यूपी सीएम योगी ने शनिवार को फतेहपुर में आयोजित एक जनसभा में कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और नकल माफिया कांग्रेस व समाजवादी पार्टी की विरासत हैं और ऐसे तत्वों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री फतेहपुर सदर और अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹489 करोड़ से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, आयुष्मान कार्ड और अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की।
नकल माफिया पर केंद्र सरकार लाएगी सख्त कानून
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पेपर लीक और परीक्षा में धांधली रोकने के लिए कड़ा कानून ला रही है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कानून के तहत दोषियों को कम से कम 10 वर्ष की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही स्थान हैं—जेल या जहन्नुम।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में दोषियों की गिरफ्तारी की गई है, एनटीए के अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है और आरोपियों की संपत्तियां जब्त कर उन्हें सख्त सजा दिलाई जाएगी।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपने शासनकाल में नकल माफिया और अपराधियों को संरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि आज यही दल छात्रों के हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि अतीत में युवाओं के भविष्य के साथ सबसे अधिक खिलवाड़ इन्हीं सरकारों में हुआ।
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश सरकार ने माफिया और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर निवेश का बेहतर माहौल बनाया है, जिसके कारण राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार और सरकारी भर्तियों का रास्ता खुला। मुख्यमंत्री के अनुसार, उनकी सरकार अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है।
विकास और जनकल्याण योजनाओं पर जोर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहपुर अब आकांक्षी जिले की श्रेणी से आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का सक्रिय सहभागी बन चुका है। उन्होंने जिले में सड़क, पुल, फ्लाईओवर, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, विद्यालय और औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण विकास, कृषि, प्राकृतिक खेती, एफपीओ और ओडीओपी जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है।
किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का उल्लेख किया
उन्होंने किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना, निजी ट्यूबवेलों के बिजली बिल भुगतान, गरीबों के लिए मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), ग्रामीण उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड तथा टूलकिट वितरित किए।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अजीत पाल, मंत्री कृष्णा पासवान, राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Written By एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती
Edited By: Geeta Sharma