CM Yogi on Noida Labour Protest: नोएडा में सोमवार को मजदूरों का विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। जिससे पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पिछले 4 दिनों से जारी यह प्रदर्शन वेतन बढ़ाने और अन्य समस्याओं को लेकर किया जा रहा था। हालांकि सोमवार को हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बेहद कम वेतन पर काम कराया जा रहा है, जिससे उनका जीवन यापन मुश्किल हो गया है। इसके अलावा उन्होंने कई अनियमितताओं की भी शिकायत की है।

नोएडा फेज-2 से भड़का मजदूरों का प्रदर्शन

नोएडा फेज-2 क्षेत्र में एक कंपनी के बाहर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का गुस्सा उस समय भड़क गया जब उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई, जिससे कई वाहन और संपत्तियां क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मजदूरों के प्रदर्शन क्या बोले सीएम

इस पूरे मामले पर यूपी सीएम योगी ने प्रतिक्रिया दी है। मुजफ्फरनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और औद्योगिक प्रगति को रोकने के लिए कुछ लोग अशांति फैलाने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व में और राज्य में डबल इंजन सरकार के माध्यम से उत्तर प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने की कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील

सीएम योगी ने कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान सरकार ने मजदूरों के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई थी, जिसमें उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था भी शामिल थी। उन्होंने श्रमिकों से सरकार पर विश्वास बनाए रखने और किसी भी उकसावे में न आने की अपील की। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

 Writen By: Geeta Sharma