CM Yogi News: लखीमपुर-खीरी में सीएम योगी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने कई अहम घोषणाएं कीं और राज्य सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं पर बात की। इसके अलावा उन्होंने माफियाओं को सख्त चेतावनी दी और कहा कि राज्य में अब अपराध के लिए कोई जगह नहीं बची है।

सीएम योगी की बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खीरी जिले के मियांपुर गांव का नाम बदलकर अब रविंद्रनगर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में पहचान छिपाने के उद्देश्य से ऐसे नाम रखे गए थे, जबकि संबंधित स्थान की वास्तविक सामाजिक संरचना अलग थी। उन्होंने इसे पहचान और सांस्कृतिक सम्मान से जोड़ते हुए यह फैसला बताया।

'राज्य सरकार दलितों और वंचितों का सम्मान करती है'

अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर दलितों और वंचितों के सम्मान के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित और सम्मानित करने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। जहां इन महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित हैं, वहां सुरक्षा दीवार और छत्र निर्माण के लिए सरकार धन उपलब्ध करा रही है।

'समाज सुधारकों के योगदान को आगे बढ़ा रही सरकार'

मुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय से जुड़े महान व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ज्योतिबा फुले जैसे समाज सुधारकों के योगदान को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप के वंशजों को भी उचित सम्मान दिया जा रहा है।

'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की छवि समाप्त'

विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की छवि अब समाप्त हो चुकी है और इसे वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी योजनाओं ने बदल दिया है। उन्होंने बताया कि लखीमपुर-खीरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जा चुका है और स्थानीय उत्पादों तथा थारू जनजाति के हस्तशिल्प को पहचान मिल रही है।

'राज्य में माफिया नहीं पनपने दिया जाएगा'

सीएम योगी ने किसानों के हितों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), मुफ्त ट्यूबवेल और बिजली कनेक्शन जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। अंत में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में किसी भी माफिया या अपराधी को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 Writen By: Geeta Sharma