उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में पाकिस्तान से आए विस्थापित परिवारों और पूर्व सैनिकों व लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र सौंपे। इस कार्यक्रम में कुल 1,645 परिवारों को भूमि स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर की धरती महाभारत से जुड़ी हुई है और इस महान ग्रंथ का संदेश है कि जो व्यक्ति धर्म की रक्षा करता है, धर्म भी उसकी रक्षा करता है, जबकि जो अपने स्वार्थ के लिए धर्म का विनाश करता है, उसका अंत भी धर्म ही करता है।
1946 से 1948 के बीच पाकिस्तान में बढ़ती गई धार्मिक कट्टरता
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1946 से 1948 के बीच पाकिस्तान में बढ़ती धार्मिक कट्टरता के कारण बड़ी संख्या में हिंदू और सिख परिवारों को अपना घर, जमीन और पुश्तैनी संपत्ति छोड़कर भारत आना पड़ा था। उन्होंने बताया कि आज उन परिवारों की चौथी पीढ़ी को भूमि पर कानूनी अधिकार दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है।
गौ संरक्षण के मुद्दे भी उठाए
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने गौ संरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को मां का दर्जा प्राप्त है और इसके सम्मान के लिए किसी विशेष घोषणा की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गो-हत्या के विरुद्ध सख्त कानून लागू हैं और किसी भी स्थिति में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गंगा और गौ माता का भारतीय परंपराओं में विशेष स्थान
योगी आदित्यनाथ ने गंगा और गौ माता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपराओं में दोनों का विशेष स्थान है तथा इन्हें मातृत्व का सम्मान दिया जाता है। उन्होंने लोगों से देश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण का आह्वान किया।
पाकिस्तान और बांग्लादेश में रह रहे हिंदू पर सीएम ने जताया चिंता
मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान और बांग्लादेश में रह रहे हिंदू समुदाय की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की, उन्होंने कहा कि वहां अल्पसंख्यकों के साथ होने वाली घटनाओं पर कुछ धार्मिक नेताओं की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिलती। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सैनिकों के सम्मान के विषय में पूरे समाज को एकजुट रहना चाहिए।
राज्य की कानून-व्यवस्था पर सीएम योगी ने कही ये बात
राज्य की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अराजकता के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह शून्य सहिष्णुता की है। उन्होंने कहा कि हिंसा, चाकूबाजी और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है।
पीएम को लेकर सीएम योगी ने कही ये बात
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में विकास की योजनाओं को बिना किसी जातीय या धार्मिक भेदभाव के लागू किया गया है, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचा है।
Written By Toshi Shah