उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर कड़ा हमला बोलते हुए अल्पसंख्यक समुदाय से अलग नेतृत्व चुनने की अपील की है, उन्होंने दावा किया कि यदि ऐसा हुआ तो समाजवादी पार्टी बहुत कमजोर हो जाएगी और स्थानीय स्तर के चुनाव भी नहीं जीत पाएगी।

केवल समर्थन लेने का काम कराता रहेगा- ब्रजेश पाठक

एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज को लंबे समय से केवल सहयोगी भूमिका में रखा गया है, जबकि नेतृत्व में उनकी भागीदारी कम रही है, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कम जनसंख्या वाला वर्ग ज्यादा हिस्सेदारी वाले समुदाय से केवल समर्थन लेने का काम कराता रहेगा।

खुद आगे बढ़कर नेतृत्व संभालना चाहिए- पाठक

मुस्लिम समाज को संबोधित करते हुए पाठक ने कहा कि उन्हें अब खुद आगे बढ़कर नेतृत्व संभालना चाहिए और यह तय करना चाहिए कि उन्हें किस दिशा में जाना है, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी केवल वोट हासिल करने के लिए अल्पसंख्यकों का इस्तेमाल करती है, लेकिन उन्हें नेतृत्व देने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाती।

भारतीय जनता पार्टी सबको लेकर चलती हैं- पाठक

पाठक ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की नीति पर काम करती है और विकास में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश करती है।

समाजवादी पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी धर्म और जाति की राजनीति में उलझी हुई है और जनता के वास्तविक मुद्दों से इसका ज्यादा लेना-देना नहीं है।

बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर भी पाठक ने की बात

बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जाती है और इसमें किसी धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता। उनके अनुसार, जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता है, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते हैं, चाहे वह किसी भी वर्ग से क्यों न हो।

 

Written By Toshi Shah