Taj Hotel Bomb Threat: एक बार फिर मुंबई के ताज होटल को दहलाने की साजिश रची गई है! या यूं कह लें कि, आतंकी 26\11 जैसे हमला करने के फिराक में है! ये बात हम यूं ही नहीं कह रहे हैं। दरअसल मुंबई के ताज होटल में बम होने की धमकी दी गई है। जिससे पूरे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।
आधी रात को कंट्रोल रूम में आया धमकी भरा कॉल
रविवार (12 जुलाई) देर रात मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके तुरंत बाद भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। जानकारी के अनुसार रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि 'दाऊद ने ताज होटल में बम रखा है।' कॉल मिलते ही इसकी सूचना तत्काल मुंबई पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम को दी गई। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू कर दी।
होटल परिसर में चलाया गया तलाशी अभियान
धमकी की सूचना मिलते ही कोलाबा पुलिस, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन (CSI) टीम और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ताज होटल पहुंच गए। सुरक्षा एजेंसियों ने होटल की मेन लॉबी, स्विमिंग पूल, विभिन्न बैंक्वेट हॉल, रेस्टोरेंट, पार्किंग एरिया, बाहरी परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की। पूरे परिसर में काउंटर-इमरजेंसी चेकिंग अभियान चलाया गया ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। हालांकि कई घंटे तक चली जांच के दौरान पुलिस और बम निरोधक दस्ते को कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली, लेकिन मामले की जांच जारी रखी गई।
तुर्भे इलाके से किया गया था फोन कॉल
जांच में पता चला कि धमकी भरा फोन कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था। कॉल के स्रोत का पता लगाने के बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। तुर्भे पुलिस स्टेशन की मदद से कॉल करने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
होटल की बढ़ाई गई निगरानी
वहीं अब घटना के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। ताज होटल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। होटल परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी संदिग्ध व्यक्ति के मिलने या किसी विस्फोटक के बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी मिल चुकी है ऐसी धमकी
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी ताज होटल को इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसमें जांच के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला था। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों को देखते हुए पुलिस हर सूचना को गंभीरता से ले रही है। फिलहाल इस मामले में अज्ञात कॉलर के खिलाफ जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है।
Written By: Geeta Sharma