विश्व प्रसिद्ध नेपाली-ब्रिटिश पर्वतारोही निर्मल "निम्स दाई" पुरजा का शव रविवार को बचाव दल ने बरामद कर लिया। वह तीन दिन पहले पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में स्थित ब्रॉड पीक पर आए भीषण हिमस्खलन (एवलांच) की चपेट में आ गए थे। इस हादसे में अभियान से जुड़े सभी 10 पर्वतारोहियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
पाकिस्तान एल्पाइन क्लब (ACP) के अनुसार, 43 वर्षीय निर्मल पुरजा का शव लगभग 5,700 मीटर की ऊंचाई पर मिला। क्लब ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बचाव दल ब्रॉड पीक पर उस स्थान तक पहुंच गया, जहां निम्स दाई का शव मिला। क्लब ने भावुक शब्दों में कहा कि जिस पर्वत से उन्हें सबसे अधिक लगाव था, अंततः उसी पर्वत ने उन्हें हमेशा के लिए अपने पास बुला लिया।
तीन अन्य शव भी दिखाई दिए
एल्पाइन क्लब ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्र में तीन अन्य शव भी दिखाई दिए हैं, लेकिन उनकी आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है। इससे पहले शनिवार को निर्मल पुरजा की अभियान कंपनी Elite Exped ने पुष्टि की थी कि अभियान दल के सभी 10 सदस्यों की मौत हो चुकी है।
कठिन परिस्थितियों में जारी है बचाव अभियान
क्लब के अनुसार, बचाव दल बरामद शवों को पहले जापानी कैंप तक लाएगा। ऊंचाई, लगातार हिमस्खलन का खतरा, खड़ी ढलानें और खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रतिकूल मौसम के चलते हेलीकॉप्टरों का उपयोग भी संभव नहीं हो पा रहा है।
विभिन्न देशों के थे पर्वतारोही
निर्मल पुरजा इस अंतरराष्ट्रीय अभियान का नेतृत्व कर रहे थे। उनके साथ कुल नौ अन्य पर्वतारोही शामिल थे, जिनमें पांच नेपाल, एक पाकिस्तान, एक ओमान, एक अमेरिका और एक चीन से थे।
यह भी पढ़ें: पीओके में हो रहे चुनाव "मज़ाक", पीटीआई ने किया चुनाव के पूर्ण बहिष्कार का आह्वान
इससे पहले चार शव बरामद किए जा चुके थे। इनमें ओमान की नादिरा अहमद अब्दुल्ला अल हरथी, नेपाल के पुर बहादुर गुरुंग और अमेरिका की मैलोरी गीस की पहचान हो चुकी थी। इन शवों को एयरलिफ्ट कर स्कार्दू ले जाया गया था।
पर्वतारोहण जगत के लिए बड़ी क्षति
ब्रॉड पीक पर आए इस हिमस्खलन ने वैश्विक पर्वतारोहण समुदाय को गहरा झटका दिया है। निर्मल पुरजा दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पर्वतारोहियों में गिने जाते थे। उन्होंने वर्ष 2019 में मात्र 189 दिनों में दुनिया की सभी 14 आठ-हज़ारी चोटियों (8,000 मीटर से ऊंची) पर चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा उन्होंने 2021 में पहली सफल नेपाली टीम के साथ शीतकालीन K2 अभियान का भी नेतृत्व किया था।
Written By: Pradeep Singh