पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित उमानाथ गंगा घाट पर गुरुवार को एक दर्दनाक नाव हादसा हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार,एक छोटी नाव पर करीब 14 से 15 लोग सवार होकर गंगा नदी पार कर दियारा इलाके में सब्जी तोड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवा और नदी में बढ़े बहाव के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार सभी लोग गंगा नदी में डूबने लगे।

राहत एवं बचाव कार्य शुरू

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद अन्य नाविकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों के प्रयास से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं सात अन्य लोगों के डूबने की खबर सामने आई। काफी खोजबीन के बाद एक महिला और एक युवक का शव नदी से बरामद किया गया है, जबकि पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

लापता लोगों की तलाश में जुटी SDRF की टीम

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया। बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, SDPO रामकृष्ण, SDM गरिमा लोहिया तथा अंचल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से SDRF की टीम को भी बुलाया गया है, जो गंगा नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

उमानाथ गंगा घाट पर हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज हवा और नाव पर अधिक लोगों के सवार होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

प्रशासन ने की लोगों से अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान छोटी नावों से यात्रा करने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें। फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन लापता लोगों की खोज में पूरी ताकत से जुटा हुआ है।

Written By: Geeta Sharma