पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले के काबल टाउन में रविवार को शांति मार्च के दौरान हुए जोरदार धमाके में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमला आत्मघाती हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थानीय पुलिस अधिकारी उमर खान के अनुसार, पुलिस स्टेशन के प्रवेश द्वार पर एक संदिग्ध को रोककर उसकी तलाशी लेने की कोशिश की गई। इसी दौरान उसने विस्फोट कर दिया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
धमाका उस समय हुआ जब 'स्वात अमन जिरगा' द्वारा आयोजित शांति रैली में सैकड़ों लोग हाल के दिनों में बढ़ती आतंकवादी घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तुरंत सैदु शरीफ टीचिंग हॉस्पिटल सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: इंडोनेशिया में मदुरा द्वीप के पास यात्री जहाज में भीषण आग, 5 की मौत, 41 लापता
अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं तथा मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पिछले कुछ समय से स्वात क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है, और इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
Written By: Pradeep Singh