नई दिल्ली: तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना के बीच गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट का परिणाम घोषित हो गया है। 20 राउंड की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सतीश गोविंदभाई पटेल (सतेंद्रभाई पटेल) ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30,630 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।

मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। यह सीट भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। उपचुनाव के लिए बनाए गए 260 मतदान केंद्रों पर 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा। भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और गुजरात प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष भीखाभाई रबारी पर दांव लगाया था।

यह भी पढ़ें: दतिया में कांग्रेस की बढ़त! बांकीपुर में प्रशांत किशोर जीत की ओर, जानें कौन मारेगा बाजी

गौरतलब है कि 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 60.15 प्रतिशत मतदान हुआ था। उस चुनाव में भाजपा के योगेश पटेल को 1,20,133 वोट मिले थे और उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराकर सीट बरकरार रखी थी। अब उपचुनाव में भी भाजपा ने अपनी पकड़ कायम रखते हुए मांजलपुर सीट पर जीत दर्ज कर ली है।

Written By: Pradeep Singh