समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने दावा किया कि यदि लोकतंत्र की रक्षा नहीं की गई तो यह प्रदेश का अंतिम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव साबित हो सकता है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा: अखिलेश यादव
सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा बन चुकी है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से वोटर लिस्ट और बूथ स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की भाषा और व्यवहार शालीन एवं मर्यादित होना चाहिए।
'2027 में भाजपा का सत्ता से बाहर होना तय'
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 में भाजपा का सत्ता से बाहर होना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। प्रदेश में भूमाफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है तथा जमीनों पर अवैध कब्जों की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने भाजपा पर नकारात्मक और साम्प्रदायिक राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
'भाजपा सरकार ने पीडीए वर्ग के आरक्षण को नुकसान पहुंचाया'
उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज की सबसे बड़ी ताकत है और यही कारण है कि भाजपा उससे भयभीत है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पीडीए वर्ग के आरक्षण को नुकसान पहुंचाया, झूठे मुकदमे लगाए और उन्हें प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक न्याय की राजनीति में विश्वास करती है।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उठाया सवाल
किसानों और युवाओं के मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को खाद, बीज और बिजली की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जबकि डीजल की बढ़ती कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या, लूट और महिला अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम में मौजूद थे सपा के वरिष्ठ नेता
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: एम.अतहर उद्दीन मुन्ने भारती) Edited By: Geeta Sharma