पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल तेज़ हो चुका है और सभी दल पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गए हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने चुनाव प्रचार को मजबूती देने के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक के कई बड़े चेहरे शामिल हैं।
मनोरंजन जगत के कई हस्तियां प्रचार में होंगे शामिल
इस सूची में नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे शीर्ष नेता प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके अलावा नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान और अश्विनी वैष्णव भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बीजेपी ने इस बार राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ फिल्म और मनोरंजन जगत की हस्तियों को भी प्रचार में उतारा है। इनमें मिथुन चक्रवर्ती, स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, कंगना रनौत और मनोज तिवारी जैसे नाम शामिल हैं, साथ ही पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस भी पार्टी के समर्थन में प्रचार करते दिखाई देंगे।
ये प्रमुख नेताओं भी प्रचार में होंगे शामिल
अन्य प्रमुख नेताओं में योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, हिमंता बिस्वा सरमा, भूपेंद्र यादव, माणिक साहा और अनुराग ठाकुर जैसे कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के अन्य नेता और संगठन के पदाधिकारी भी इस सूची का हिस्सा हैं।
292 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम जारी
उम्मीदवारों की बात करें तो बीजेपी ने राज्य की 292 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने चरणबद्ध तरीके से पांच सूचियों में उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं—पहली सूची में 144, दूसरी में 111, तीसरी में 19, चौथी में 13 और पांचवीं सूची में 5 उम्मीदवार शामिल हैं।
4 मई को होगी मतगणना
चुनाव प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। इन चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप दे दिया है और प्रचार अभियान तेज़ी से चल रहा है।
Written By Toshi Shah