Bhagwant Mann on Punjab Blast: पंजाब में हाल ही में हुए डबल ब्लास्ट को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकती हैं और पंजाब जैसे शांतिप्रिय राज्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

'बीजेपी जहां जाती है, दंगा जरूर करवाती है'

मुख्यमंत्री मान ने अपने बयान में कहा कि बीजेपी पहले ही यह संकेत दे चुकी थी कि बंगाल के बाद पंजाब की बारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी हिंसा फैलाकर BJP चुनावी फायदा उठाने की कोशिश करती है। मान के मुताबिक बीजेपी जहां जाती है,वहां आपसी संघर्ष और दंगे कराना उसकी कार्यशैली का हिस्सा है।

'बम ब्लास्ट की घटना पंजाब की संस्कृति के खिलाफ'

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है,जहां गुरबाणी के संदेश सरबत दा भला को लोग अपने जीवन में अपनाते हैं। यहां हर दिन करोड़ों लोगों तक शांति और भाईचारे का संदेश पहुंचता है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं राज्य की संस्कृति और माहौल के खिलाफ हैं, उन्होंने कहा।

बेअदबी कानून का सीएम मान ने क्यों क्या जिक्र?

बेअदबी कानून का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा बनाए गए सख्त कानून से कुछ ताकतें असहज हैं। उनका दावा है कि पहले बेअदबी की घटनाओं के जरिए समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश की जाती थी,लेकिन अब कड़े कानून के चलते ऐसा करना मुश्किल हो गया है। अब जब कोई बेअदबी नहीं कर पाएगा, तो उनका एजेंडा ही फेल हो गया है।

पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर बोले भगवंत मान

वहीं पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर भी मान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ममता बनर्जी के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि वहां लगभग 100 सीटों पर जनादेश को प्रभावित किया गया। उनके एजेंटों को बैठने नहीं दिया गया,उन्हें मारा-पीटा गया और बाहर निकाल दिया गया।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी उठाए सवाल

उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि आयोग को इन आरोपों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। चुनाव आयोग किसी एक पार्टी का नहीं होना चाहिए। उसे सभी दलों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए, उन्होंने जोर दिया।

Written By: Geeta Sharma