बिहार में गुरुवार 7 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार का कैबिनेट विस्तार हुआ। इस विस्तार में RLM प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को एक बार फिर मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। दीपक प्रकाश के दोबारा मंत्री बनने के बाद उनके परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल है। उनकी पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने इसे परिवार और युवाओं के लिए गर्व का क्षण बताया है।
बेहद सम्मान और गर्व की बात: साक्षी मिश्रा कुशवाहा
कैबिनेट विस्तार के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद सम्मान और गर्व की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और RLM अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का आभार जताया। उन्होंने कहा,बहुत अच्छा लग रहा है। यह हम सभी के लिए गर्व का पल है। युवाओं पर जो भरोसा जताया गया है,उसके लिए हम प्रधानमंत्री,मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देते हैं।
'युवा नेतृत्व से विकास को गति मिलेगी'
साक्षी मिश्रा ने आगे कहा कि देश और राजनीति में अब युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उनके मुताबिक,युवा नेतृत्व नई सोच और ऊर्जा के साथ विकास को गति दे सकता है। उन्होंने कहा,युवा के कंधों पर अब देश की जिम्मेदारी आ चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा युवाओं पर भरोसा जताते रहे हैं। मुख्यमंत्री जी और हमारे अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा जी ने भी यही विश्वास दिखाया है। युवा ज्यादा मेहनत कर सकते हैं और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ मिलकर बेहतर काम कर सकते हैं।
प्रकाश के मंत्री बनने पर भावुक हुईं उनकी मां
दीपक प्रकाश की मां और RLM विधायक स्नेहलता ने भी बेटे के मंत्री बनने पर खुशी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपक प्रकाश बिहार की जनता की सेवा के लिए लगातार काम करते रहेंगे। स्नेहलता ने कहा,मुख्यमंत्री जी को बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने दीपक प्रकाश को जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। पहले कार्यकाल में भी उन्होंने बेहतर काम किया था और आगे भी जनता के हित में काम करते रहेंगे।
कैबिनेट विस्तार में युवा नेतृत्व को मिला बढ़ावा
गौरतलब है कि दीपक प्रकाश फिलहाल बिहार विधानसभा या विधान परिषद,किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मंत्री बनने के बाद उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर किसी एक सदन का सदस्य बनना होगा। वहीं बिहार कैबिनेट के इस विस्तार को आगामी राजनीतिक समीकरणों और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। दीपक प्रकाश की वापसी से RLM को सरकार में नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Written By: Geeta Sharma