UP Election 2027: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम को लेकर सियासी हलचल तेज है। सूत्रों के मुताबिक, नई टीम का ऐलान आज किसी भी वक्त किया जा सकता है। नई टीम में युवा और अनुभवी चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है। सबसे अहम बात यह है कि टीम में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। यानी नई टीम में करीब एक-तिहाई पदाधिकारी महिलाएं हो सकती हैं।

कई पुराने चेहरों की हो सकती है छुट्टी

सूत्रों के मुताबिक, नई टीम में संगठन के कई मौजूदा महामंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। हालांकि, विनोद तावड़े और सुनील बंसल के नई टीम में बने रहने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी नितिन नवीन की टीम में जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, हरीश द्विवेदी को भी महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। हरीश द्विवेदी बीजेपी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में शामिल हैं। संगठन में उनकी भूमिका को आगामी चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संजय भाटिया को भी मिल सकती है जगह

नितिन नवीन की नई टीम में संजय भाटिया को भी जगह मिलने की चर्चा है। संजय भाटिया छात्र राजनीति के दौर से संगठन से जुड़े रहे हैं और ABVP में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। ऐसे में संगठनात्मक अनुभव और युवा नेटवर्क को देखते हुए उन्हें जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Gen-Z पर बीजेपी का फोकस

हाल के Gen-Z आंदोलन और युवाओं के बीच बदलते राजनीतिक रुझानों को देखते हुए बीजेपी की नई टीम में युवा चेहरों को खास तवज्जो मिल सकती है। पार्टी की कोशिश ऐसे नेताओं को जिम्मेदारी देने की हो सकती है, जो युवाओं की बदलती सोच और उनकी प्राथमिकताओं को बेहतर तरीके से समझ सकें। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए युवा मतदाताओं की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। यूपी में Gen-Z मतदाताओं की बड़ी संख्या चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में नई टीम के जरिए पार्टी युवाओं तक अपनी पहुंच और संवाद को मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।

2027 के विधानसभा चुनाव सबसे बड़ी चुनौती

नितिन नवीन की नई टीम के सामने सबसे पहली और बड़ी चुनौती 2027 के विधानसभा चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश और गुजरात समेत कई राज्यों में चुनाव होने हैं। इनमें उत्तर प्रदेश का चुनाव बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य का विशाल राजनीतिक और सामाजिक समीकरण संगठन के लिए बड़ी चुनौती होगा। ऐसे में नई टीम में फेरबदल को 2027 की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें: 'RSS हजार सिर वाला जहरीला सांप...', कर्नाटक के मंत्री यतींद्र सिद्धारमैया का बड़ा बयान

केरल में भी पार्टी को झटका

दूसरी ओर, बीजेपी को हाल ही में केरल में झटका लगा है। अभिनेता देवन ने बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। ऐसे घटनाक्रम के बीच नई राष्ट्रीय टीम के सामने संगठन को मजबूत करने और अलग-अलग राज्यों में पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने की चुनौती भी होगी।

Written By: Geeta Sharma