बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख दल उम्मीदवारों के चयन में जुटे हैं। इसी बीच जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने संकेत दिया है कि पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला कोर ग्रुप की बैठक के बाद लिया जाएगा और औपचारिक घोषणा रविवार को किए जाने की संभावना है।

मनोज भारती ने कही ये बात

मनोज भारती ने कहा कि पार्टी की ओर से उपचुनाव लड़ना तय है और फिलहाल प्रशांत किशोर का नाम सबसे प्रमुख दावेदार के रूप में सामने है, उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता भी चाहती है कि प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में उतरें, इसलिए पार्टी को इस निर्णय पर कोई आपत्ति नहीं है, उन्होंने महागठबंधन से भी अपील करते हुए कहा कि यदि उनका उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी को हराना है तो जन सुराज के उम्मीदवार का समर्थन करने पर विचार करना चाहिए। भारती ने आरोप लगाया कि बांकीपुर सीट लंबे समय से एक ही राजनीतिक परिवार के प्रभाव में रही है, लेकिन क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। उनके अनुसार, पटना जिले के 114 स्लम क्षेत्रों में से 64 अकेले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में आते हैं, जो विकास संबंधी चुनौतियों को दर्शाता है।

बीजेपी ने इस सीट को लेकर कही ये बात

वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी इस सीट पर अपनी मजबूत दावेदारी जताई है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और पूर्व विधायक नितिन नवीन को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचने से स्थानीय कार्यकर्ताओं और मतदाताओं में उत्साह है। उनका विश्वास है कि उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा।

संजय सरावगी ने कही ये बात

संजय सरावगी ने यह भी कहा कि नितिन नवीन लगातार पांच बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि उनके पिता भी चार बार विधायक रहे। उनके मुताबिक, क्षेत्र में हुए विकास कार्य जनता के सामने हैं और इसी वजह से भाजपा को लगातार समर्थन मिलता रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जल्द ही अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगी और विपक्ष के किसी भी उम्मीदवार से भाजपा को चुनौती नहीं मिलेगी।

 

 

Written By Toshi Shah