Delhi: राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, भारत सरकार के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता आतिफ रशीद ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा से शिष्टाचार भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली भाजपा के सशक्त संगठनात्मक विस्तार और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी नई ऊर्जा, नई कार्यसंस्कृति और मजबूत संगठनात्मक शक्ति के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
आतिफ रशीद ने हर्ष मल्होत्रा के नाम पढ़े कसीदे
आतिफ रशीद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के बावजूद हर्ष मल्होत्रा का संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार तथा पार्टी को मजबूत बनाने के लिए उनका प्रयास प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके नेतृत्व से प्रेरणा लेकर संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
'हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में PM के विकासवादी दृष्टिकोण लोगों तक पहुंची'
उन्होंने कहा कि आज दिल्ली भाजपा समाज के हर वर्ग, क्षेत्र और समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुंच बना रही है। संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा जनसेवा के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित करने में अध्यक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनके नेतृत्व में भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री के विकासवादी दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से हो रहा है।
आतिफ रशीद ने हर्ष मल्होत्रा को पुस्तक भेंट की
भेंट के दौरान आतिफ रशीद ने हर्ष मल्होत्रा को 'Muslim Freedom Fighters' नामक पुस्तक भेंट की। इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले उन मुस्लिम वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति ने भारत की आजादी की लड़ाई को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में सभी वर्गों और समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा नई पीढ़ी को इन महान विभूतियों के जीवन और संघर्षों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
'हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा भविष्य में खरी उतरेगी'
आतिफ रशीद ने कहा कि हर्ष मल्होत्रा का व्यापक राजनीतिक अनुभव, कुशल संगठन क्षमता और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना दिल्ली के विकास तथा संगठन के विस्तार को नई दिशा प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा भविष्य में और अधिक सशक्त होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी तथा प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
'भाजपा एक राजनीतिक दल नहीं,राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान'
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान है, जिसमें कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति हैं। हर्ष मल्होत्रा जैसे अनुभवी और समर्पित नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
(रिपोर्ट: एम.अतहर उद्दीन मुन्ने भारती) Edited By: Geeta Sharma