दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI, अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क और उसके सहयोगियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार अंडरवर्ल्ड दाऊद इब्राहिम मॉड्यूल के एक और आतंकी हुफैजा को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरफ्तारी लंबे समय से चल रहे ऑपरेशन का हिस्सा है। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश की जा रही है।

आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के फिराक में थे आरोपी

जानकारी के मुताबिक, स्पेशल सेल को खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिले थे कि दाऊद इब्राहिम से जुड़े कुछ तत्व भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई एटीएस की संयुक्त टीम पिछले कई दिनों से मुंबई में लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार मंगलवार रात टीम को सफलता मिली और आरोपी हुफैजा को गिरफ्तार कर लिया गया।

मुंबई अंडरवर्ल्ड में सक्रिय था हुफैजा

पुलिस का दावा है कि हुफैजा मुंबई अंडरवर्ल्ड में सक्रिय था और उसे दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह आईएसआई के एजेंट और दाऊद गिरोह से जुड़े मुन्ना झिंगाड़ा के संपर्क में था। बताया जा रहा है कि मुन्ना कराची से उसे निर्देश देता था और वह उन्हीं निर्देशों के अनुसार काम करता था।

9 आरोपियों को अन्य राज्य से किया गया गिरफ्तार

स्पेशल सेल की जांच में यह भी सामने आया है कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में अपना नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहा था। पिछले एक महीने से दिल्ली,मुंबई,राजस्थान और पंजाब में संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी। अब तक इस मॉड्यूल से जुड़े नौ आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है।

एजेंसियां हुफैजा से पूछताछ करने में जुटी

गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां हुफैजा से गहन पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि उससे यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि डी-कंपनी में हाल के वर्षों में कितने नए लोगों की भर्ती की गई है और भारत में किन-किन गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि कराची में बैठे उसके हैंडलर्स ने उसे कौन-कौन से संभावित लक्ष्य सौंपे थे।

गिरफ्तारी से खुलेंगे आतंकियों के कई अहम राज

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से आतंकी नेटवर्क के कई अहम राज खुल सकते हैं। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Written By: Geeta Sharma