आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (N. Chandrababu Naidu) ने राज्य में घटती जनसंख्या को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में तीसरे बच्चे का जन्म होगा, उन्हें सरकार की ओर से 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित एक जनसभा के दौरान की।

लगातार जन्म दर घट रही है-सीएम

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लगातार जन्म दर घट रही है, जो आने वाले समय में चिंता का कारण बन सकती है। उनका कहना है कि आजकल कई परिवार केवल एक बच्चा ही रखना पसंद कर रहे हैं। कुछ परिवार दूसरे बच्चे के बारे में तभी सोचते हैं, जब पहला बच्चा लड़का न हो। इस बदलती सोच का असर भविष्य में राज्य की जनसंख्या और कार्यबल पर पड़ सकता है।

राज्य के विकास और आर्थिक गतिविधियों पर असर -सीएम

सीएम ने कहा कि यदि जनसंख्या लगातार घटती रही तो आगे चलकर काम करने वाले लोगों की संख्या कम हो जाएगी, जिससे राज्य के विकास और आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने की योजना बना रही है।

दूसरे बच्चे के जन्म पर 25,000 रुपये देने की योजना

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार पहले दूसरे बच्चे के जन्म पर 25,000 रुपये देने की योजना पर विचार कर चुकी है। अब नई योजना के तहत तीसरे और चौथे बच्चे के लिए आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सरकार इस योजना की पूरी रूपरेखा अगले एक महीने के भीतर जारी करेगी।

महिला औसतन 2 से अधिक बच्चे देना जरूरी-सीएम

नायडू ने समझाया कि किसी भी समाज में जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए प्रति महिला औसतन 2.1 बच्चों का जन्म होना जरूरी माना जाता है। यदि यह दर इससे नीचे चली जाती है, तो समय के साथ जनसंख्या में गिरावट शुरू हो जाती है। सरकार का मानना है कि आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रेरित कर सकती हैं और राज्य में जनसंख्या संतुलन बनाए रखने में मददगार साबित हो सकती हैं।

Written By Toshi Shah