असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी AJUP के साथ किया गया गठबंधन खत्म कर दिया है। दोनों दलों ने 25 मार्च को पश्चिम बंगाल चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की थी, लेकिन अब AIMIM ने साफ कर दिया है कि वह अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगी। इसी बीच, भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने की तैयारी की है, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।

अमित शाह ने पोस्ट कर दी जानकारी  

अमित शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बंगाल बदलाव चाहता है और भाजपा का “संकल्प पत्र” राज्य को “भय के राज” से मुक्त करने का रोडमैप है। बता दें कि वे कोलकाता में कार्यक्रमों के बाद मेदिनीपुर और खड़गपुर में जनसभाएं और रोड शो भी करेंगे।

संकल्प पत्र महिलाओं के लिए योजना

भाजपा के संकल्प पत्र में कई अहम और बड़े वादों को शामिल किए जाने की संभावना है। पार्टी महिलाओं के लिए हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की योजना पर विचार कर रही है। इसके साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए विशेष पैकेज देने का प्रस्ताव भी रखा जा सकता है। राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नए औद्योगिक कॉरिडोर और निवेश क्षेत्र विकसित करने की योजना भी इसमें शामिल हो सकती है। महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नए कॉलेज खोलने और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए अतिरिक्त अस्पताल स्थापित करने का वादा भी किया जा सकता है।

मछली पालन और कृषि आधारित योजना होंगे शामिल

इसके अलावा, मछली पालन और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए अलग से पैकेज की घोषणा संभव है। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना भी पार्टी के प्रमुख एजेंडों में शामिल रहने की उम्मीद है।

पार्टी ने घोषणापत्र को तैयार करने के लिए की है बहुत मेहनत

पार्टी ने इस घोषणापत्र को तैयार करने के लिए जमीनी स्तर पर काफी मेहनत की है। फरवरी की शुरुआत से ही इसके लिए काम शुरू हो गया था। भाजपा ने 'विकसित पश्चिम बंगाल संकल्प पत्र - परामर्श संग्रह अभियान' चलाया। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ और घर-घर तक पहुंचे। उन्होंने लोगों की शिकायतें और उनकी उम्मीदें सुनीं। पार्टी ने इसे केवल एक राजनीतिक वादा नहीं, बल्कि एक सामाजिक समझौता माना है।

   Written By Toshi Shah