दिल्ली में जुलाई 2024 में महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने फैसला सुनाया है। कोर्ट ने शनिवार, 6 जून को कांग्रेस की महिला इकाई की अध्यक्ष अलका लांबा को दोषी ठहराए जाने के बावजूद अच्छे आचरण की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया है। अदालत ने उन्हें एक वर्ष तक नेकचलनी बनाए रखने की शर्त लगाई है तथा एक लाख रुपये का बॉन्ड भरने का निर्देश भी दिया है।
25 मई 2026 को अदालत ने अलका लांबा को दोषी करार दिया था
गौरतलब है कि इस मामले में अदालत ने 25 मई 2026 को सुनवाई के दौरान अलका लांबा को दोषी करार दिया था। इसके बाद सजा के प्रश्न पर सुनवाई के दौरान उनकी ओर से अदालत से अनुरोध किया गया कि उन्हें अच्छे आचरण के आधार पर राहत प्रदान की जाए। अदालत ने इस दलील को स्वीकार करते हुए उन्हें जेल भेजने के बजाय प्रोबेशन पर रिहा करने का फैसला सुनाया।
अलका लांबा पर सरकारी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप
अलका लांबा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकारी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, कानूनी आदेशों की अवहेलना करने तथा सार्वजनिक मार्ग को बाधित करने जैसे आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों के तहत उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 223(ए) और 285 के अंतर्गत मुकदमा चलाया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें इन आरोपों में दोषी माना।
जुलाई 2024 में हुए प्रदर्शन से जुड़ा यह मामला
यह मामला जुलाई 2024 में हुए उस प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसका नेतृत्व स्वयं अलका लांबा ने किया था। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर एकत्र होकर महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही और पुलिस के साथ टकराव की स्थिति भी उत्पन्न हुई थी।
पहले से ही इस तरह के निर्णय की आशंका थी: अलका लांबा
अदालत के फैसले के बाद अलका लांबा ने कहा कि उन्हें पहले से ही इस तरह के निर्णय की आशंका थी। उन्होंने कहा कि उस समय संसद का मानसून सत्र चल रहा था और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपनी सहयोगियों के साथ संवैधानिक अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण आंदोलन किया था। उनका कहना है कि महिला आरक्षण को लागू करने की मांग लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के दायरे में की गई थी।
Written By: Geeta Sharma