समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने गोरखपुर से सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) के हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, रवि किशन ने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) उनका “आनंद लेते हैं” और वे उनके “स्ट्रेस बूस्टर” हैं।

क्या यह सरकार है या कोई सर्कस- अखिलेश यादव

इस टिप्पणी पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा कि एक सांसद जनता का प्रतिनिधि होता है, न कि मुख्यमंत्री का खिलौना, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सरकार है या कोई सर्कस, जहां इस तरह की भाषा और व्यवहार देखने को मिल रहा है।

वहां के लोग शर्मिंदगी महसूस कर रहे- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सत्ताधारी नेता आपस में मजाक और हल्की टिप्पणियों में लगे हैं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे बयानों की वजह से गोरखपुर की छवि प्रभावित हो रही है और वहां के लोग शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं।

सरकार की नीतियों और जनता में बढ़ते असंतोष का परिणाम- अखिलेश

अपने बयान में उन्होंने यह भी संकेत दिया कि रवि किशन को इस टिप्पणी के लिए राजनीतिक या संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में तनाव में हैं, तो यह सरकार की नीतियों और जनता में बढ़ते असंतोष का परिणाम हो सकता है।

जनता के गुस्से के कारण सरकार के भीतर तनाव स्वाभाविक-यादव

अंत में अखिलेश यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्ता में बने रहने को लेकर दबाव और जनता के गुस्से के कारण सरकार के भीतर तनाव स्वाभाविक है, और इस तरह की बातें सामने आने पर संबंधित नेताओं को फटकार भी लग सकती है।

  Written By Toshi Shah