Akhilesh Yadav News: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तमिलनाडु के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमके स्टालिन संग तस्वीर साझा की है। साथ ही पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ भी तस्वीर शेयर की है। फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा,हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें। वहीं अब इस पोस्ट को विपक्षी राजनीति के मौजूदा समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। खासतौर पर ऐसे समय में जब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के बीच कई राज्यों में मतभेद सामने आया हैं। बता दें तमिलनाडु में बीते दिनों संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेत्री कषगम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर

दरअसल,तमिलनाडु की राजनीति में हाल ही में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के मजबूत प्रदर्शन के बाद कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने डीएमके से दूरी बनाते हुए टीवीके के साथ जाने का फैसला किया। कांग्रेस हाईकमान ने यह निर्णय राज्य नेतृत्व पर छोड़ दिया था, जिसके बाद पार्टी ने डीएमके गठबंधन से अलग राह चुन ली। इस फैसले ने विपक्षी गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पोस्ट के जरिए अखिलेश ने दिया विपक्षी एकता का संदेश

इसी बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट के जरिए यह जताने की कोशिश की है कि उनकी पार्टी सहयोगियों के साथ कठिन परिस्थितियों में भी खड़ी रहती है। साथ ही यह कांग्रेस की बदलती रणनीति पर टिप्पणी भी है।

अखिलेश और ममता बनर्जी के बीच अच्छे राजनीतिक समीकरण

अखिलेश यादव और ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से राजनीतिक समीकरण बेहतर रहे हैं। वहीं,डीएमके और समाजवादी पार्टी भी कई राष्ट्रीय मुद्दों पर एक-दूसरे का समर्थन करती रही हैं। ऐसे में स्टालिन और ममता के साथ तस्वीर साझा करना विपक्षी एकता का संकेत माना जा रहा है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर भी कांग्रेस के भीतर चर्चा तेज है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हाल ही में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी थी कि वे तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक परिस्थितियों का मजाक न उड़ाएं। राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया जब विपक्षी दलों के बीच सहयोग और प्रतिस्पर्धा दोनों साथ-साथ चल रहे हैं।

Written By: Geeta Sharma