भीषण गर्मी में उत्तर प्रदेश में हो रही बिजली संकट से लोग काफी परेशान है। इसी कड़ी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने बिजली संकट को लगातार महा विद्युत आपदा करार दे दिया। इतना ही नहीं अखिलेश ने बीजेपी के विधायक और सांसदों के दिखावटी चिट्ठी को कागजी कवच बता डाला। आगे कहा कि खुद को बचाना चाह रहे हैं और उनकी यह कोशिश चुनाव में विपक्षी दलों से टिकट पाने के लिए आवेदन पत्र मात्र है।

'BJP के विधायक की चिट्ठी बस एक कागजी कवच '

25 मई, सोमवार को सोशल मीडिया X पर अखिलेश यादव ने एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश में असहनीय महा विद्युत आपदा की वजह से लोग आक्रोश में आ गए हैं। जनता का गुस्सा देख बीजेपी के विधायक और सांसद दिखावटी पत्र लिख रहे है। और ये कागजी कवच से खुद को बचाना चाह रहे हैं। क्योंकि वो अपनी ही सरकार को पत्र लिख रहें है। ये पत्र नहीं बल्कि बीजेपी के रूप में डूबते जहाज को छोड़कर विपक्ष से चुनावों में टिकट पाने का जरिया है।

'बिजली संकट से जनता है पेरशान'

अखिलेश यादव ने प्रदेश में जारी बिजली संकट और भीषण गर्मी को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम जनता, खासकर परिवारों के बुजुर्ग, बच्चे, बीमार और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं, और उनकी तकलीफ केवल वही लोग समझ सकते हैं जो परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को हल करने में पूरी तरह विफल रही है।

सरकार जनता की समस्याओं को अनदेखा कर रही है: अखिलेश 

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। गांवों और शहरों में लोग घंटों बिजली के बिना रहने को मजबूर हैं। पानी की समस्या, बच्चों की पढ़ाई और बीमार लोगों की देखभाल जैसी बुनियादी जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। अखिलेश ने कहा कि सरकार केवल नारेबाजी कर रही है, जबकि जनता वास्तविक समस्याओं से जूझ रही है।

'डबल इंजन सरकार के भीतर चल रही अंदरूनी कलह'

बीजेपी सरकार में अंदरूनी कलह का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने बिना किसी का नाम लिए तंज कसा कि आपदा में अवसर की बात करने वाले अब खुद आपदा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और नेताओं पर भरोसा किया गया था, वही अब सरकार के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। उनका कहना था कि डबल इंजन सरकार के भीतर की खींचतान का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

अखिलेश यादव ने सरकार को दी ये सलाह 

अखिलेश यादव ने संकेतों में राज्य सरकार से किसी नाकाम मंत्री को हटाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि यह सरकार के लिए अच्छा मौका हो सकता है कि लंबे समय से बोझ बने नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कैबिनेट विस्तार के जरिए उन नेताओं को मौका दिया जा सकता है जो सत्ता में शामिल होने के बावजूद खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

'भाजपा दोबारा सत्ता में नहीं लौटेगी'

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार को यह एहसास हो चुका है कि वह दोबारा सत्ता में नहीं लौटेगी, इसलिए अब उसका पूरा ध्यान जनता की समस्याओं के समाधान की बजाय खजाना भरने पर है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की मांगों और परेशानियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रही है।

'जन-जन कहे आज का, भार बन गई भाजपा'

अंत में अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जनविरोधी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, जन-जन कहे आज का, भार बन गई भाजपा। इससे पहले भी वे बिजली संकट को लेकर प्रदेश सरकार, बिजली मंत्री और विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।

 Written By: Geeta Sharma